नयी दिल्ली। यदि आप अपने पैसे पर बेहतर ब्याज दर हासिल करना चाहते हैं तो पोस्ट ऑफिस की कुछ छोटी बचत योजनाएं आपको बैंक डिपॉजिट से बेहतर रिटर्न दे सकती हैं। पिछले कुछ समय में आरबीआई की तरफ से रेपो रेट कम किए जाने से बैंकों को अपनी लोन दरें कम करनी पड़ी हैं। मगर बैलेंस बनाने के लिए उन्हें बचत खातों और एफडी पर भी ब्याज दरें कम करनी पड़ीं। इसलिए आपका पैसा बैंकों की एफडी या बचत खाते पर शायद आपको उतना रिटर्न न दिलवा सके, जो यहां बताई जाने वाली पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं पर आपको मिल सकता है। आइये जानते हैं इन योजनाओं के बारे में विस्तार से।
पोस्ट ऑफिस स्मॉल सेविंग अकाउंट आपको 4 प्रतिशत की ब्याज दर प्रदान करता है, जो इस समय देश के अधिकांश बड़े बैंकों की पेशकश से बेहतर है। उदाहरण के लिए देश का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) बचत खाते में बैलेंस पर सिर्फ 2.70 प्रतिशत की ब्याज दर दे रहा है। इसी तरह यदि आपके बचत खाते में बैलेंस राशि 50 लाख रुपये से कम है तो आईसीआईसीआई बैंक 3 प्रतिशत की ब्याज दर देगा। यह इनका ही नहीं बल्कि लगभग सभी सरकारी बैंकों का मामला है जहां बचत खाते में ब्याज कम कर दिया गया है, जो पोस्ट ऑफिस बचत खाते की तुलना में बहुत कम है। वैसे यस बैंक जैसे कुछ बैंक उच्च ब्याज दर की पेशकश करते हैं, मगर सुरक्षा के लिहाज से ऐसे बैंकों पर लोग अधिक भरोसा नहीं कर रहे।
यदि आप 5 साल के निवेश कर रहे हैं तो आपके लिए सबसे अच्छा दांव नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट होगा। इस पर दी जाने वाली ब्याज दर 6.8 फीसदी है, जबकि 5 साल की बैंक डिपॉजिट पर आपको काफी कम ब्याज मिलता है। एसबीआई 5 साल की अपनी जमा राशि पर 5.4 प्रतिशत की ब्याज दर प्रदान करता है, जो नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट की तुलना में बहुत कम है। इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक अपनी 5 साल की जमा पर 5.75 फीसदी ब्याज दर ऑफर कर रहा है, जो नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट से 1 फीसदी कम है। सेवा और टेक्नोलॉजी के मामले में बैंक बेहतर हो सकते हैं, लेकिन नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट में नियमित सर्विस की जरूरत नहीं होती। इसमें आप एक बार पैसा लगाएंगे और एक ही बार रिडीम करेंगे।
अगर आप एक वरिष्ठ नागरिक हैं और बेहतर रिटर्न की तलाश में हैं तो आपको बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट के बजाय पोस्ट ऑफिस सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम को चुनना चाहिए। इस योजना में आपको 7.4 प्रतिशत ब्याज मिलता है, जो किसी भी सरकारी या बड़े निजी क्षेत्र के मुकाबले अधिक है। एसबीआई 5 वर्ष की अपनी जमा राशि पर वरिष्ठ नागरिकों को 5.9 फीसदी ब्याज दर देता है, जो कि वरिष्ठ नागरिक बचत योजना से काफी कम है। इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक वरिष्ठ नागरिक बचत योजना की तुलना में अपनी 5-वर्षीय जमा पर 6.25 प्रतिशत की ब्याज दर प्रदान करता है। इस तरह वरिष्ठ नागरिकों के लिए ये एक बेहतर ऑप्शन है।
More Articles
- Redington Share Price: शानदार नतीजों के दम पर 10% उछला शेयर, खरीदारी का सही समय?
- Nifty 25,000 की ओर या आएगा Correction? Banking, NBFC और IT Sector पर Expert की बड़ी राय
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति