नई दिल्ली। मोदी सरकार ने पिछले महीने ही सस्ते में गोल्ड बेचा था। इस स्कीम के तहत 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का सोना लोगों ने खरीदा था। मोदी सरकार ने पिछले महीने लोगों को 45900 रुपये प्रति दस ग्राम के रेट पर सोना ऐलाट किया था। वहीं अगर किसी व्यक्ति ने ऑनलाइन पेमेंट कर इसे खरीदा होगा तो उनको यह गोल्ड 45400 रुपये प्रति दस ग्राम के रेट पर ऐलाट किया गया था। एलाट होते ही लोगों को 360 रुपये प्रति दस ग्राम का फायदा हो गया था, लेकिन अगर किसी ने ऑनलाइन पेमेंट करके गोल्ड लिया था तो उनको 860 रुपये प्रति दस ग्राम का फायदा हो रहा था। अगर आज के हिसाब से देखें तो यह फायदा 1000 रुपये प्रति दस ग्राम तक का हो रहा है।
ऐसे में आइये जानते हैं कि यह सस्ता सोना बेचने की स्कीम है क्या और इस बार किस रेट पर खरीदा जा सकता है। यह स्कीम कुछ ही दिनों के लिए है इसकी अंतिम तारीख से लेकर अन्य जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
मोदी सरकार ने सस्ते में गोल्ड बेचने की स्कीम कुछ साल पहले चलाई थी। इस स्कीम का नाम है सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम। पूरे साल में इस स्कीम में निवेश का मौका कई बार मिलता है। इस साल मोदी सरकार तीसरी बार यह मौका कल से यानी 8 जून 2020 से दे रही है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम में कल से लेकर 12 जून, 2020 तक आवेदन किया जा सकेगा। सरकार की तरफ से रिजर्व बैंक यानी आरबीआई सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को जारी करेगा। आरबीआई ने तीसरे चरण के सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम के तहत गोल्ड की कीमत 4,677 प्रति ग्राम यानी 46770 रुपये प्रति 10 ग्राम तय की है। वहीं अगर आप ऑनलाइन पेमेंट करेंगे तो आपको 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट भी मिलेगी। आइये अब जानते हैं कैसे इस स्कीम के तहत गोल्ड खरीदा जा सकता है और अन्य क्या फायदे मिलेंगे।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को ऑनलाइन खरीद सकते हैं। इसके अलावा इसकी बिक्री बैंकों, स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसएचसीआईएल), चुनिंदा डाकघरों और एनएसई व बीएसई जैसे स्टॉक एक्सचेंज के जरिए भी होगी। इसके लिए आप अपने शेयर ब्रोकर से संपर्क कर सकते हैं। अगर आप ऑनलाइन बैंकिंग करते हैं, तो ज्यादातर बैंकों ने आपको सीधे इसमें निवेश करने का विकल्प दे रखा है। इस प्रकार की खरीदारी में पेमेंट का ऑनलाइन माना जाएगा और गोल्ड कुछ ज्यादा ही सस्ता मिलेगा।
कोई भी भारतीय नागरिक एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम 1 ग्राम और अधिकतम 4 किलोग्राम तक सोना सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम के तहत खरीद सकता है। वहीं किसी ट्रस्ट के लिए खरीद की अधिकतम सीमा 20 किग्रा तय की गई है।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने के बाद सोने के रेट बढ़ने का फायदा तो मिलेगा ही, इसके अलावा सालाना 2.5 फीसदी ब्याज भी दिया जाता है। अगर आपने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में 1 लाख रुपये का निवेश किया है तो आपको साल में 2500 रुपये ब्याज के रूप में दिया जाता है। ब्याज का यह पैसा निवेशक के बैंक खाते में हर 6 महीने पर जमा किया जाता है। ब्याज की अंतिम किस्त का भुगतान मूलधन के साथ मेच्योरिटी पर दिया जाता है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की मेच्योरिटी 8 साल में होती है। लेकिन निवेशक चाहें तो 5 साल, 6 साल या 7 साल के बाद इसे बेच भी सकता है।
चालू वित्त वर्ष में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की अभी कई सीरीज आनी हैं। ऐसे में अगर आप इस बार नहीं खरीद पाते हैं तो आगे भी आपके पास मौका रहेगा। यह मौका आपको इस प्रकार मिलेगा।
चौथी सीरीज : 6 जुलाई से लेकर 10 जुलाई के बीच खुलेगी। इसमें सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड का ऐलाटमेंट 14 जुलाई को किया जाएगा।
पांचवीं सीरीज : 3 अगस्त से लेकर 7 अगस्त के बीच खुलेगी। इसमें सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड का ऐलाटमेंट 11 अगस्त को किया जाएगा।
छठी सीरीज : 31 अगस्त से लेकर 4 सितंबर के बीच खुलेगी। इसमें सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड का ऐलटामेंट 8 सितंबर को किया जाएगा।
More Articles
- Copper है नया Gold? Ajay Kedia ने बताया क्यों बढ़ रही है निवेशकों की दिलचस्पी!
- एडलवाइस का नया ETF लॉन्च: लार्ज और मिड-कैप में डिविडेंड का मिलेगा डबल फायदा
- अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन लॉन्च की अटकलों को किया खारिज, कहा- रिपोर्ट्स निराधार
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- Gandhar Oil Refinery के शेयर में लगा अपर सर्किट! मुनाफा और रेवेन्यू ने किया कमाल, अब क्या होगा?