नई दिल्ली। गरीबों और छोटे एवं सीमांत किसानों की मदद के लिए एक बार फिर भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई सामने आया है। एसबीआई ने एक नई योजना शुरू की है, जिसका नाम है एसबीआई भूमि खरीद योजना। इस योजना के तहत एसबीआई छोटे व सीमांत किसानों सहित भूमिहीन कृषि श्रमिकों को भूमि जोत को बढ़ाने व बंजर एवं परती भूमि की खरीद के लिए मदद करेगा। इस स्कीम के तहत एसबीआई किसान को खेती की जमीन खरीदने के लिए जमीन के निर्धारित मूल्य का 85 फीसदी तक लोन के रूप में देगा। हालांकि यह राशि अधिकतम 5 लाख रुपये तक होगी।

Advertisement

किसको मिलेगा इस योजना का लाभ

-अपने नाम पर 5 एकड़ से कम असिंचित/2.5 एकड़ तक सिंचित भूमि वाले लघु एवं सीमांत किसान इस योजना का फायदा ले सकते हैं

-भूमिहीन कृषि श्रमिक भी इस योजना का फायदा ले सकते हैं
-लेकिन यह लोन उन्हें दिया जाएगा जिनका लोन चुकाने का कम से कम 2 वर्षों का अच्छा रिकॉर्ड हो
-अन्य बैंकों के अच्छे उधारकर्ता भी पात्र हैं, बशर्ते कि वे अन्य बैंकों में उनके बकाए को चुकता कर दें

कितने समय में वापस करना है लोन

एसबीआई लैंड परचेज स्कीम के तहत दिए लोन चुकाने के लिए अधिकतम 10 वर्ष का समय देगी। किसान से इस लोन की किस्त छमाही आधार पर ली जा सकती है। अगर भूमि पहले से विकसित है, तो उसके लिए उत्पादन से पूर्व अवधि अधिकतम 1 वर्ष होगी। वहीं जो भूमि खरीदे जाने के तुरंत बाद उत्पादन योग्य नहीं है, यानी उत्पादन योग्य बनाना बाकी है, उसके लिए उत्पादन पूर्व अवधि 2 साल होगी। उत्पादन पूर्व अवधि के दौरान यानी भूमि पर उत्पादन शुरू होने से पहले के इस निर्धारित समय में किसान को कोई किस्त नहीं चुकानी होगी।

एसबीआई की इस स्कीम के अन्य फायदे

-सिंचाई सुविधा और भूमि विकास का प्रावधान (भूमि लागत के 50 फीसदी से अधिक का नहीं होगा)

-फार्म इक्विपमेंट्स की खरीद
-रजिस्ट्रेशन चार्जेस व स्टांप ड्यूटी
-खरीदी जाने वाली जमीन लोन चुकता होने तक बैंक के पास गिरवीं रहेगी