नयी दिल्ली। पोस्ट ऑफिस खाताधारक इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) के जरिए आसानी से बेसिक बैंकिंग लेन-देन कर सकते हैं। आईपीपीबी से आप अपना बैलेंस आसानी से चेक कर सकतें हैं। साथ ही आपको पैसे ट्रांसफर करने और वित्तीय लेन-देन की भी सुविधा मिलेगी, जिसके लिए पहले पोस्ट ऑफिस जाना पड़ता था। रेकरिंग डिपॉजिट (आरडी), सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ), सुकन्या समृद्धि खाता (एसएसए) आदि पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं में शामिल हैं। आईपीपीबी ग्राहकों को इन योजनाओं में आसानी से ऑनलाइन पैसा जमा कराने की सुविधा देता है।
पोस्ट ऑफिस के खाताधारक आईपीपीबी ऐप के जरिए ऑनलाइन पैसा जमा कर सकते हैं। कोरोना काल जब हर कोई सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रख रहा है और बाहर जाने से परहेज कर रहा है तो आप भी पीपीएफ में अपना योगदान आईपीपीबी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कर सकते हैं। आप आसानी से पीपीएफ खाते में पैसा जमा कर सकते हैं।
अपने बैंक खाते से अपने आईपीपीबी खाते में पैसे डालें और डीओपी सर्विसेज में जाएं। यहां से आप प्रोडक्ट चुन सकते हैं (आरडी, पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि खाता आदि)। अगर आप अपने पीपीएफ खाते में पैसा जमा करना चाहते हैं, तो प्रोविडेंट फंड पर क्लिक करें। अपना पीपीएफ खाता नंबर और डीओपी ग्राहक आईडी दर्ज करें। वो राशि दर्ज करें, जो आप जमा करना चाहते हैं और 'पेमेंट' विकल्प पर क्लिक करें।
अब आईपीपीबी आपको आईपीपीबी मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से किए गए सफल भुगतान ट्रांसफर के लिए सूचित करेगा। आप इंडिया पोस्ट द्वारा ऑफर की जाने वाली विभिन्न योजनाओं में से कोई भी विकल्प चुन सकते हैं और आईपीपीबी बेसिक बचत खाते के जरिए नियमित भुगतान कर सकते हैं। ऐप का उपयोग करके आप अन्य बैंक खातों से आईपीपीबी में पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं। इसी तरह आप अपने रेकरिंग डिपॉजिट या सुकन्या समृद्धि खाते में आईपीपीबी मोबाइल ऐप के माध्यम से पैसा जमा कर सकते हैं।
पिछले महीने सरकार ने डाकपे डिजिटल भुगतान ऐप लॉन्च की थी। इसका उपयोग पोस्ट ऑफिस और आईपीपीबी ग्राहक भी कर सकते हैं। डाकपे इंडिया पोस्ट और आईपीपीबी द्वारा ऑफर की जाने वाली डिजिटल फाइनेंस और सहायक बैंकिंग सेवाएं प्रदान करती है। यह पैसे भेजने, क्यूआर कोड को स्कैन करने और सेवाओं और मर्चेंट्स के लिए डिजिटल रूप से पेमेंट करने की सुविधा देती है।
7.1 प्रतिशत की वर्तमान पीपीएफ ब्याज दर को पूरी अवधि में बरकरार माना जाए और पीपीएफ खाते में 15 वर्षों तक निवेश किया जाए तो आप 12,500 रुपये मासिक जमा करके 40,68,209 रु मैच्योरिटी राशि हासिल करेंगे। मगर आपको करोड़पति बनने के लिए लंबे समय तक पैसा जमा करना होगा। पीपीएफ खाते में निवेश जारी रखने के लिए आपको और 15 वर्ष पैसा जमा करना होगा। इस तरह ब्याज सहित आपकी पीपीएफ मैच्योरिटी राशि 30 साल बाद 1,54,50,911 रुपये या 1.54 करोड़ रुपये होगी। अगर आप निवेश राशि बढ़ाएं तो आप इससे जल्दी करोड़पति बन सकते हैं।
पीपीएफ एक 'ईईई' कैटेगरी का निवेश उपकरण है। यहां ईईई का मतलब है छूट, छूट, छूट यानी निवेश अवधि के दौरान मिलने वाले ब्याज, किए गए निवेश और मैच्योरिटी पर मिलने वाली राशि पर टैक्स छूट मिलेगी। किसी वित्त वर्ष में आपको पीपीएफ में 1.5 लाख रुपये तक के निवेश पर टैक्स छूट मिलेगी।
More Articles
- अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन लॉन्च की अटकलों को किया खारिज, कहा- रिपोर्ट्स निराधार
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित