नई द‍िल्‍ली: कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच एलआईसी ने महत्वपूर्ण फैसला किया है। एलआईसी ने कोरोना की वजह से अपने पॉलिसीधारकों को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने उन पॉलिसीधारकों के लिए प्रीमियम भरने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है, जो वायरस महामारी के चलते प्रीमियम भुगतान करने में असमर्थ हैं। जी हां कोरोना वायरस के बढ़ते दायरे तथा शहरों को बंद करने यानी लॉक डाउन करने का असर अब बड़े पैमाने पर कॉर्पोरेट में भी दिखना शुरू हो चुका है। बता दें कि अब पॉलिसीधारक प्रीमियम भुगतान की समय-सीमा 15 अप्रैल 2020 तक बढ़ा दी गई है। यानी जिन ग्राहकों को मार्च अंत तक प्रीमियम भरना होता है उन्हें अब 15 दिन की मोहलत मिल गई है।

Advertisement

कोरोना की वजह से प्रीमियम भुगतान में मिली ये छूट

भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने एक बयान में कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर देश में पैदा हुई असाधारण परिस्थितियों के देखते हुए एलआईसी ने अपने पॉलिसीधारकों को प्रीमियम भुगतान में 15 अप्रैल 2020 तक राहत दी है। यह फैसला उन सभी ग्राहकों के लिए किया गया है कि जो किसी वजह से प्रीमियम भुगतान में असमर्थ रहे हैं।

ग्राहकों से एलआईसी ने की ये अपील

एलआईसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर कहा है क‍ि सभी पॉलिसीधारकों से निवेदन है कि वे घर के अंदर ही रहें और प्रीमियम भुगतान के लिए ऑफिस न आएं। कोरोना के खतरे को देखते हुए प्रीमियम भुगतान की अवधि 15 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप की वजह से कई शहरों में लॉकडाउन की स्थिति है और कारोबार नौकरी से लेकर आवाजाही तक सब कुछ ठप हो गया है।

 

कोरोनावायरस की वजह से 31 मार्च तक लॉकडाउन

देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी आई है। मरीजों की संख्या 433 हो गई है। कोरोना की चपेट में आकर अब तक 8 लोग जान गंवा चुके हैं। अकेले 24 घंटे में 50 से अधिक नए मरीज आए हैं और तीन मौतें हुई हैं। दिल्ली, राजस्थान, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस की वजह से 31 मार्च तक लॉकडाउन है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 16 जिलों को भी 25 मार्च तक लॉकडाउन किया गया है। इससे ग्राहकों और जनता को राहत देने के ​लिए कॉरपोरेट जगत भी आगे आया है। ऐसे में ज्यादातर कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम या वेतन के साथ लीव की सुविधा दी है।

बैंकों में मिलेंगी सिर्फ जरूरी सुविधाएं

दूसरी ओर बता दें कि देशभर के बैंकों में गैर-जरूरी सेवाओं को आज यानि 23 मार्च से बंद कर दिया गया है। इंडिया बैंक एसोसिएशन (आईबीए) ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी है। इसके अलावा आईबीए ने बैंकों से कहा है कि वे चुनिंदा बैंक शाखाओं को खोलने का फैसला करें। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए बैंकों ने अपने स्टाफ की संख्या में 50 फीसदी तक कमी की है। सभी बैंकों में अब कैश डिपॉजिट और विड्रॉल, चेक क्लियरिंग की सुविधा, रेमिटेंस और सरकारी लेनदेन का ही काम किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सभी सुविधाओं को बंद कर दिया गया है। ये सभी सुविधाएं आज यानी 23 मार्च से सभी बैंक ब्रांचों में बंद कर दी जाएगी।