नयी दिल्ली। इस समय बैकों में एफडी पर काफी कम ब्याज दर ऑफर की जा रही है। कुछ एक छोटे बैंक और कंपनियां हैं जो 8 फीसदी या इससे थोड़ा अधिक ब्याज दे रही हैं। मगर हम आपको एक ऐसी जगह के बारे में बताएंगे जहां आपको 9 फीसदी की ऊंची ब्याज दर मिलेगी। इतनी अधिक ब्याज दर न सिर्फ बैंकों और कंपनियों की एफडी बल्कि पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं से भी ज्यादा मुनाफा कराएगी। ये है कुकर बनाने वाली कंपनी हॉकिंस कुकर की एफडी। आइए जानते हैं इस कंपनी के एफडी ऑप्शन के बारे में।
हॉकिंस कुकर की एफडी पर आपको 9 फीसदी की ऊंची ब्याज दर मिलेगी। पर ध्यान रहे कि ये एफडी ऑप्शन हमेशा नहीं खुला रहेगा। बल्कि कंपनी किसी आईपीओ इश्यू की तरह एफडी सब्सक्रिप्शन लाएगी। हॉकिंस कुकर का एफडी सब्सक्रिप्शन 18 सितंबर से खुलेगा और आपके पास इसमें आवेदन करने का 30 सितंबर तक मौका होगा। हॉकिंस कुकर की 3 वर्षीय एफडी पर आपको 9 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा, जबकि 1 साल के लिए आपका रिटर्न 8.5 फीसदी और 2 साल के लिए 8.75 फीसदी होगा।
कंपनी का मकसद इस योजना के माध्यम से 48.88 करोड़ रु जमा करना है। योजना के लिए न्यूनतम निवेश राशि 25000 रु है। इसके बाद आप 1000 रु की गुणा में निवेश कर सकते हैं। जुटाई गई पूंजी का उपयोग कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल आवश्यकताओं के साथ-साथ बाकी जरूरी खर्चों में करेगी। रेटिंग एजेंसी आईसीआरए ने इस एफडी स्कीम को एमएए (स्थिर) रेटिंग दी है, जो हाई क्रेडिट क्वालिटी का संकेत है। पर ध्यान रहे कि क्रेडिट क्वालिटी जुलाई में तय की गई थी इसलिए तब से हालात बदले हुए भी हो सकते है।
हॉकिंस कुकर एफडी एक अनसिक्योर्ड डिपॉजिट है और बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट की तुलना में यहां जोखिम है। असल में बैंक एफडी में आपकी 5 लाख रुपये तक की राशि बीमित होती है। हाई रिटर्न की इच्छा रखने वाले निवेशकों को ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है क्योंकि अगर कंपनी डिफॉल्ट हुई तो आपके पास कोई उपाय नहीं होगा।
जोखिम को ध्यान में रखते हुए ऐसे एफडी ऑप्शन में छोटी अवधि के लिए निवेश करना बेहतर है। एफडी में छोटी अवधि के लिए निवेश करना सबसे अच्छा होगा क्योंकि ऐसी एफडी में कभी भी डाउनग्रेड देखा जा सकता है। इसलिए यहां आपको अधिक जोखिम का सामना करना पड़ सकता है।
आईसीआईसीआई बैंक 7-14 दिन से लेकर 5-10 साल तक एफडी ऑप्शन ऑफर करता है। इस समय बैंक की एफडी पर आपको 2.50 से 5.50 फीसदी तक ब्याज मिलेगा। एचडीएफसी बैंक भी इन्हीं अवधि में इतना ही ब्याज देता है। वहीं केनरा बैंक 3 फीसदी से लेकर 5.30 फीसदी तक की ब्याज दर ऑफर कर रहा है। वहीं एसबीआई में इस समय एफडी की ब्याज दरें 2.90 फीसदी से लेकर 5.40 फीसदी तक हैं। पीएनबी 3 फीसदी से लेकर 5.30 फीसदी तक ब्याज दे रहा है।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान