नयी दिल्ली। भारत में निवेशक फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) को बचत के लिए सबसे बेहतर स्कीम मानते हैं। आज भी बचत के लिहाज एफडी सबसे लोकप्रिय योजनाओं में से एक है। यहां तक कि आयकर अधिनियम 1961 की धारा 80 सी के तहत टैक्स बचाने के उद्देश्य से भी निवेशक पीपीएफ, ईएलएसएस, यूलिप और एनपीएस (नेशनल पेंशन स्कीम) जैसे ऑप्शनों को छोड़ कर एफडी को ही चुनते हैं। टैक्स बचाने वाली एफडी में आप एक वित्त वर्ष में 1,50,000 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। यहां हम आपको टैक्स सेविंग एफडी की विशेषताएं बताएंगे। साथ ही हम जानेंगे बेस्ट ब्याज दर वाली एफडी।
कर बचत एफडी में पांच साल की लॉक-इन अवधि होती है, जिसके पहले आप अपना पैसा नहीं निकाल सकते। केवल भारतीय निवासी व्यक्ति और हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) ही इन जमाओं में निवेश कर सकते हैं।
टैक्स-सेविंग एफडी आप अकेले या किसी के साथ मिल कर भी खोल सकते हैं। संयुक्त खाते के मामले में केवल पहला धारक ही धारा 80 सी के तहत टैक्स बेनेफिट का दावा कर सकता है। आप इन एफडी पर मासिक / त्रैमासिक / वार्षिक ब्याज पेमेंट का विकल्प चुन सकते है। आप कंपाउंडिंग ऑप्शन भी चुन सकते हैं, जिसमें अर्जित ब्याज को फिर से निवेश किया जाएगा।
टैक्स सेविंग एफडी पर अर्जित ब्याज पर टैक्स लगता है। ब्याज राशि आपकी वार्षिक आय में जुड़ जाती है और आयकर स्लैब के अनुसार उस पर टैक्स लगाया जाता है। बैंक इन एफडी पर अर्जित वार्षिक ब्याज पर 10 फीसदी की दर से टीडीएस काटते हैं। यदि आपको टैक्स चुकाने से छूट है तो आपको बैंक में वित्तीय वर्ष की शुरुआत में फॉर्म 15जी / एच जमा करना होगा।
सहकारी बैंकों और ग्रामीण बैंकों को छोड़कर किसी भी सरकारी या प्राइवेट बैंक में कर-बचत एफडी खाता खोला जा सकते है। पोस्ट ऑफिस की 5 साल की टर्म डिपॉजिट पर भी धारा 80 सी के तहत टैक्स कटौती का लाभ मिलता है। आप न तो समय से पहले एफडी से पैसा निकाल सकते हैं और न ही इस एफडी पर लोन ले सकते हैं। इन जमाओं पर मिलने वाली ब्याज दरें विभिन्न बैंकों में अलग-अलग होती हैं। आइए जानते हैं कहां आपको सबसे अधिक ब्याज मिल सकता है।
डीसीबी बैंक में 6.75%, यस बैंक में 6.75%, इंडसइंड बैंक में 6.50%, आरबीएल बैंक में 6.25%, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में 6.50%, ड्यूश बैंक में 6.00%, करूर वैश्य बैंक में 5.65% और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में 5.55% ब्याज मिलेगा। यदि आप 5 लाख रु 5 साल के लिए इन बैंकों की एफडी में लगाएं तो आपको अच्छा मुनाफा होगा।
More Articles
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- एडलवाइस का नया ETF लॉन्च: लार्ज और मिड-कैप में डिविडेंड का मिलेगा डबल फायदा
- ITR डेडलाइन 31 जुलाई: ओल्ड या न्यू टैक्स रिजीम? जानें आपके लिए कौन सा है सही
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन नजदीक: पोर्टल पर आ रही है दिक्कत? अपनाएं ये 5 स्मार्ट टिप्स
- ITR डेडलाइन: रिफंड अटकने से बचाना है तो अभी चेक करें AIS और TIS, वरना होगी परेशानी
- ITR पोर्टल स्लो है? 31 जुलाई की डेडलाइन से पहले ऐसे करें फाइलिंग और ई-वेरिफिकेशन