आमदनी अठन्‍नी खर्चा रुपया ये कहावत तो आपने सुना ही होगा। जिसका मतलब है आमदनी जिस तेजी से बढ़ती है खर्च उससे ज्‍यादा तेजी से बढ़ जाते हैं। ऐसे में लोगों के सामने खर्च पूरा करने का संकट पैदा हो जाता है। हालांकि फाइनेंशियल प्‍लानिंग अच्‍छी तरह से की जाए तो पैसों की तंगी को दूर किया जा सकता है। आपको यहां पर निवेश के कुछ ऐसे तरीके बताएंगे जिससे आप हर महीने 10 हजार रुपए की इनकम प्राप्‍त कर बचत कर सकते हैं।

Advertisement

इन जगहों पर निवेश की करें प्‍लानिंग

मुख्‍य तौर पर इन्‍वेस्‍टमेंट के लिए तीन ही जगह हैं। एक है बैंक, दूसरा पोस्‍ट ऑफिस और तीसरा म्‍यूचुअल फंड। इन तीनों जगह पर अगर सही प्‍लानिंग करके इंन्‍वेस्‍टमेंट किया जाए तो कुछ ही समय के बाद हर माह निश्चित आमदनी पाई जा सकती है।

बैंकों में मिलता है सबसे कम ब्‍याज

मौजूदा समय में सबसे कम ब्‍याज बैंकों में ही मिल रहा है। भारतीय स्‍टेट बैंक एक साल की FD पर 6.75 फीसदी ब्‍याज दे रहा है। अगर इसी ब्‍याज दर पर 10 हजार रुपए महीने का इन्‍वेस्‍टमेंट हर माह किया जाए तो 10 साल में आपके पास करीब 17.50 लाख रुपए का फंड हो जाएगा। इस पैसे की अगर बैंक में इसी ब्‍याज दर पर एफडी करा दी जाए तो साल में करीब 1.20 लाख रुपए मिल जाएगा।

पोस्‍ट ऑफिस में मिल रहा बैंकों से ज्‍यादा ब्‍याज

पोस्‍ट ऑफिस में 5 साल की टाइम डिपॉजिट में इस वक्‍त 7.7 फीसदी ब्‍याज मिल रहा है। अगर यहां पर हर माह 10 हजार रुपए का इंन्‍वेस्‍टमेंट किया जाए तो साल में करीब 1,42,450 रुपए मिलने लगेंगे। इस प्रकार हर माह करीब 12 हजार रुपए की रेगुलर आमदनी होने लगेगी। यानी कि बैंक से करीब 2 हजार रुपए हर महीने ज्‍यादा की आमदनी।

म्‍यूचुअल फंड से कम निवेश में मिलेगा ज्‍यादा फायदा

अगर हर महीने आप 10 हजार रुपए की आमदनी का लक्ष्‍य बैंक और पोस्‍ट ऑफिस से थोड़ा जल्‍द और कम पैसों के निवेश में पाना चाहते हैं तो ऐसा संभव है। अगर म्‍यूचुअल फंड में 5 हजार रुपए का निवेश किया जाए तो यह दस साल में 12 फीसदी रिटर्न से करीब 12 लाख रुपए हो जाएगा।

इसको म्‍यूचुअल फंड में ही निवेश किया जाए तो साल में आराम से 1.58 लाख रुपए पाया जा सकता है। महीने के हिसाब से करीब 13 हजार रुपए की आमदनी आराम से हो जाएगी और हर महीने आमदनी का लक्ष्‍य बैंक और पोस्‍ट ऑफिस से कम निवेश में मिल जाएगा।

 

जल्‍दी निवेश करें और लाभ उठाएं

बैंक और पोस्‍ट ऑफिस में ब्‍याज दरें सरकार समय-समय पर बदलती रहती है। इस कारण हो सकता है कि इन निवेश प्‍लान से लक्ष्‍य 100 फीसदी ही पाया जा सके, लेकिन एक बात जरुर ध्‍यान रखना चाहिए कि अगर निवेश जल्‍द ही शुरू कर देंगे तो लक्ष्‍य तक भी जल्‍दी ही पहुंच पाएंगे। जहां तक म्‍यूचुअल फंड में निवेश की बात है तो यहां पर लम्‍बे समय में 12 फीसदी से भी ज्‍यादा का रिटर्न मिला है। फिर भी अगर थोड़ा कम ही रिटर्न मिले तो बैंक और पोस्‍ट ऑफिस से ज्‍यादा फायदा होगा।