5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद अब ये स्पष्ट हो गया है कि देश भर में मोदी लहर है। इससे पहले आशंका ये जताई जा रही थी कि नोटबंदी का फैसला मोदी सरकार के लिए घातक साबित हो सकता है, लेकिन जनता ने सरकार के फैसले पर मुहर लगा दी है। बाजार भी बेसब्री से नतीजों का इंतजार कर रहा था। अब देखना होगा कि क्या मंगलवार को सेंसेक्स क्या नतीजों का जश्न मनाएगा।
समाचार पोर्टल मनी कंट्रोल ने विशेषज्ञों की राय पर एक रिपोर्ट तैयार की है जिसमें विभिन्न विशेषज्ञों ने बाजार के प्रमुख शेयरों का आंकलन किया है। मनीकंट्रोल ने इंडिया इंफोलाइन के संजीव भसीन के हवाले से लिखा है कि, चुनावी नतीजों के बाद जब मंगलवार को बाजार खुलेगा तब निफ्टी में 9100 का स्तर जरूर देखने को मिलेगा। दरअसल, यूपी में बीजेपी की शानदार से जीत से अब एफआईआई निवेशकों को ये भरोसा हो जाएगा कि भारत में राजनीतिक स्थिरता है। सरकार की ओर से बड़े पैमाने पर इकोनॉमिक रिफॉर्म की उम्मीद बढ़ गई है। साथ ही कच्चे तेल का भाव 49 डॉलर के पास आने से इकोनॉमी को और बूस्ट मिलने की उम्मीद है। इन सभी हालातों के बीच इस साल के अंत तक निफ्टी के 10,000 तक जाने के आसार नजर आ रहे हैं।
मनी कंट्रोल ने आगे संजीव भसीन के हवाले से लिखा है कि, चुनावी नतीजों में एफआईआई की खरीदारी बढ़ने वाली है। एफआईआई की ओर से लार्जकैप शेयरों में ज्यादा पैसा आने की उम्मीद है। लिहाजा आगे 2-3 साल इक्विटी के लिए बेहतर नजर आ रहे हैं। करेक्शन के दौरान में निफ्टी 8750 तक जाने की आशंका है, लेकिन बाजार के इससे नीचे जाने की उम्मीद नहीं है। वहीं, छोटी अवधि के दौरान तेजी के माहौल में निफ्टी 9300-9500 तक जाने के आसार हैं। आगे मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़े शेयरों में अच्छी तेजी संभव है। पीएसयू कंपनियों में भी खरीदारी बढ़ेगी।
वहीं मनी कंट्रोल ने मार्केट एक्सपर्ट उदयन मुखर्जी की राय को प्रकाशित करते हुए लिखा है कि, मंगलवार को जब बाजार खुलेगा तब नए उच्चतम स्तर जरूर देखने को मिल सकते हैं। बाजार को बीजेपी की जीत उम्मीद थी, लेकिन इतनी शानदार जीत होगी इसकी कतई उम्मीद नहीं थी। लिहाजा, अब मौजूदा स्तरों से निफ्टी के 200-250 अंक ऊपर जाना कोई मुश्किल वाली बात नहीं लग रही है। हालांकि, तेजी के माहौल में बाजार में मुनाफावसूली भी मुमकिन लग रही है। लिहाजा बाजार के नए उच्चतम स्तरों के आसपास टिके रह पाने को लेकर थोड़ी आशंका है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वी के शर्मा के हवाले से लिखते हुए मनी कंट्रोल ने कहा है कि, चुनावी नतीजों से खुश होकर मंगलवार के दिन निफ्टी में 200 अंकों की तेजी मुमकिन लग रही है। दरअसल यूपी में इस तरह की शानदार जीत इस ओर इशारा कर रही है कि 2019 के आम चुनावों में भी बीजेपी बड़ी जीत हासिल कर सकती है। इस तरह ये साफ हो रहा है कि अब बाजार के सेंटिमेंट में सुधार देखने को मिलेगा। वी के शर्मा के मुताबिक अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने के बावजूद भारतीय बाजारों में गिरावट नहीं आएगी। उनका मानना है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने का मतलब है कि वहां इकोनॉमी बेहतर कर रही है, ऐसे में चिंता जैसी कोई बात नहीं है।
सुंदरम म्युचुअल फंड के सुनील सुब्रमणियम का कहना है कि यूपी में बीजेपी के 300 से ज्यादा सीटें जीतने की खबर से बाजार जरूर सरप्राइज होगा। बीजेपी की जीत से ये भी लग रहा है देश में जातिगत वोटिंग का दिन लदते हुए नजर आ रहे हैं और अब वोटर विकास को लेकर अपना वोट दे रहे हैं। सुनील सुब्रमणियम ने ये भी कहा कि 15 मार्च को यूएस में दरें बढ़ने से लंबी अवधि के लिए घरेलू बाजारों पर कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, बल्कि अब बीजेपी की जीत से रिफॉर्म प्रक्रिया में तेजी आएगी। सरकार को नई नौकिरियां पैदा करने पर जोर देना चाहिए।
मोतीलाल ओसवाल एएमसी के आशीष सोमैया का कहना है कि यूपी में बीजेपी की शानदार जीत से बाजार में जरूर तेजी का माहौल देखने को मिलेगा। बाजार को लेकर घरेलू निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, लेकिन अब एफआईआई निवेशकों का भी भरोसा बढ़ सकता है।
आनंद राठी फाइनेंशियल सर्विसेज के आनंद राठी का कहना है कि बाजार में तेजी जारी रहेगी और नए रिकॉर्ड ऊंचाई को भी छुएगा। जनता को सरकार से कई उम्मीदें हैं, ऐसे में आगे बढ़ने के लिए रिफॉर्म को बढ़ावा देने जरूरी है। ग्रोथ के लिए सरकार को काम करना पड़ेगा और ब्लैक मनी पर लगाम लगाना जरूरी है। भारत के लिहाज से इंफ्रा और लेबर रिफॉर्म सबसे अहम हैं। आनंद राठी की सलाह है कि हर सेक्टर की अच्छी कंपनियों में निवेश करें।
More Articles
- ITR डेडलाइन: रिफंड अटकने से बचाना है तो अभी चेक करें AIS और TIS, वरना होगी परेशानी
- Redington Share Price: शानदार नतीजों के दम पर 10% उछला शेयर, खरीदारी का सही समय?
- अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन लॉन्च की अटकलों को किया खारिज, कहा- रिपोर्ट्स निराधार
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका