आईडीबीआई (IDBI) बैंक ने मंगलवार को आधार के जरिये भुगतान की शुरुआत की। इसके तहत किसी मर्चेट को भुगतान के लिए स्मार्टफोन की जरूरत नहीं है, बल्कि आधार नंबर और उसके साथ दर्ज बॉयोमीट्रिक आंकड़े की मदद से भुगतान किया जाता है।

Advertisement

बायोमीट्रीक मशीन से होगा पेमेंट

इसके लिए व्यापारियों को आधार के बॉयोमीट्रिक आंकड़े को रीड करने वाली मशीन (फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक डिवाइस) लगानी होगी। भुगतान करने वाले व्यक्ति का आधार नंबर और उंगलियों की छाप के आंकड़ों का मिलान कर भुगतान किया जा सकेगा।

पे टू आधार

इससे पहले केंद्र सरकार ने सभी बैंकों से कहा था कि वित्तीय लेन-देन के लिए फिंगरप्रिंट्स वाले आधार ऐप को इस महीने के अंत तक लॉन्च करें। इसके साथ ही सभी बैंकों से यह भी कहा गया है कि वे भीम ऐप में 'पे टू आधार' फीचर को 31 मार्च से पहले जोड़ लें।

कैशलेस को बढ़ावा

भीम ऐप में इस फीचर के जुड़ जाने से भुगतान केवल 12 अंकों के आधार नंबर डालने से हो जाएगी। इसके जरिए गरीब और ग्रामीण इलाकों में भी 'कैशलेस सिस्टम' को बढ़ावा दिया जा सकेगा। इसके जरिए अनपढ़ लोग भी बिना कैश के पेमेंट कर पाएंगे। सरकार ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वह जल्द से जल्द आधार और मोबइल नंबर के जरिए पेमेंट सिस्टम को तैयार करें।

एटीएम की जगह लेगा आधार

सरकार और बैंकों के इस कदम से आधार को और भी धार मिल गई है। माना जा रहा है कि अब इस आधार पेमेंट ऐप के जरिए ही लोग डिजिटल पेमेंट कर पाएंगे। इस कार्ड के आने के बाद लोगों को एटीएम कॉर्ड और प्‍वांइट ऑफ सेल की जरूरत नहीं होगी।

किसी अन्य शुल्क भुगतान की जरूरत नहीं

आधार पेमेंट एप को पिछले वर्ष दिसंबर 2016 में अमल में लाया गया था। इस आधार पेमेंट ऐप के जरिए भुगतान करने पर डेबिट और क्रेडिट कार्ड के लिए मास्‍टर कार्ड और वीजा को दिए जाने वाले शुल्‍क का भुगतान भी नहीं करना पड़ेगा। इस आधार पेमेंट ऐप को डाउनलोड करने के लिए एक स्‍मॉर्ट फोन की जरूरत होगी।

कारोबारियों को मर्चेंट एप डाउनलोड करना होगा

इसके साथ ही कारोबारियों और व्‍याापरियों को कैशलेस मर्चेंट ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद बॉयोमेट्रिक रीडर कार्ड को बॉयोमेट्रिक रीडर से जोड़ना होगा। बाजार में इस बॉयोमेट्रिक रीडर 2,000 रुपए की कीमत तक मिल जाएगा।

आधार नंबर देकर बैंक का करना होगा चुनाव

ग्राहकों को इस सेवा का फायदा लेने के लिए आधार पेमेंट ऐप के लिए अपना आधार नंबर डालकर संबंधित बैंक का चुनाव करना होगा। इस आधार पेमेंट ऐप की खासियत है कि इसमें बायोमेट्रिक स्‍कैन पासवर्ड के रूप में काम करेगा। यूआईडीएआई के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी के मुताबिक अभी देश भर में सिर्फ 40 करोड़ आधार नंबर बैंक के खातों से जुडें हुए हैं।

आधार कार्ड को बैंक से जोड़ने की प्रक्रिया शुरु

सरकार का लक्ष्य है कि, 31 मार्च, 2017 तक सभी आधार कार्ड को आपके बैंक खातों से जोड़ दिया जाए। आधार पेमेंट ऐप का निर्माण आईडीएफसी बैंक ने यूआईडीएआई और नेशनल पेमेंट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के साथ मिलकर किया है। इस आधार पेमेंट ऐप के बारे में देश के वित्‍त मंत्री अरुण जेटली और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद को इस बावत डेमो दिया जा चुका है।