नोटबंदी के बाद से बैंक और एटीएम के लोगों की लंबी-लंबी लाइने देखी जा सकती हैं। तमाम लोग इस उम्मीद से लाइन में लग रहे हैं कि उन्हें कैश मिल जाएगा, लेकिन कईयों को मायूस होना पड़ रहा है। परेशानी के इस वक्त में एक ऐसा एप है जो आपकी मदद करेगा। ये एप आपको बताएगा कि आपके आस-पास के एटीएम में कैश है या नहीं।

Advertisement

लोगों को मिलेगी सुविधा

अंग्रेजी समाचार पत्र टाइम्स ऑफ इंडिया ने हाल ही में एक खबर प्रकाशित की थी जिसमें उन्होंने देश भर में एटीएम सर्विस प्रोवाइड कराने वाली कंपनी CMS के बारे में बताया था। इस रिपोर्ट में बताया गया कि कैश नो कैश नाम की कंपनी शुरु करने वाले मंजूनाथ तलवार और अभिजीत खासनिस ने लोगों की सुविधा के लिए एक नया एप लॉन्च किया है।

किस ATM में है कैश ?

इस एप को CMS ATM Finder का नाम दिया गया है। इस गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इस एप को डाउनलोड करने के बाद आप अपने राज्य और शहर का नाम सलेक्ट करें। इसके बाद एप आपको बताएगा कि किस एटीएम में कैश है।

जहां पैसा नहीं, वहां की जानकारी नहीं

जिन एटीएम में कैश नहीं होगा वहां की जानकारी ये एप नहीं देगा। हमने ये एप डाउनलोड किया और फिर कर्नाटक राज्य और बैंगलोर शहर को चुना लेकिन वहां कोई एटीएम नहीं दिखा जिसका अर्थ है कि लगभग सभी एटीएम में कैश खत्म हो गया है।

कैश के बारे में जानकारी मिलेगी

वहीं हमने राज्य तेलंगाना और शहर हैदराबाद सलेक्ट किया तो सैकड़ों एटीएम के बारे में जानकारी दी गई। आप भी इसी तरह से राज्य और शहर चुनकर जान सकते हैं कि आपके आस-पास के एटीएम में कैश है या नहीं। कैश नो कैश कंपनी के देश भर में 4000 से अधिक एटीएम हैं और इनके वेब एप को अबतक करीब 8000 लोग डाउनलोड करके इस्तेमाल कर चुके हैं।

RBI की नई गाइडलाइन

वहीं बैंको में लगती लाइन और एटीएम पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने कुछ सख्त निर्णय लिए हैं जिसके बारे में सोमवार को वित्त सचिव शशिकांत दास ने जानकारी दी-

  • बार-बार नोट बदलने वालों पर कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों की वजह से लंबी कतारें लग रही हैं।
  • कैश लेने वालों की उंगली पर मतदान की तरह निशान लगेगा। आज से बड़े शहरों में स्याही वाली व्यवस्था शुरू हो रही है।
  • जन-धन खाते में किसी और का पैसा न डालें। ऐसे खाते पर सरकार पैनी नजर रख रही है, इनमें काला धन आने पर कार्रवाई होगी।
  • जन-धन खाते में जमा की जाने वाली राशि की सीमा तय की गई। अब केवल 50 हजार ही जमा होंगे, वैध पैसा जमा करने वालों को कोई असुविधा नहीं होगी।
  • नया नोट थोड़ा रंग छोड़ सकता है। नया नोट अगर रंग नहीं छोड़ रहा है तो जाली नोट का संकेत है।
  • देश में नमक की कोई कमी नहीं। सोशल मीडिया पर गलत तस्वीरें डाली जा रही हैं। लोग अफवाहों पर ध्यान ना दें।
  • कर्मचारियों की हड़ताल की बात झूठी।
  • सरकारी अस्पताल पुराने नोट लेंगे।
  • शादी में शगुन के लिए चेक का इस्तेमाल करें।
  • धार्मिक स्थानों से अपील है कि वो चढ़ावे के तौर पर चढ़ने वाले छोटे नोटों को तत्काल बैंकों में जमा कराएं ताकि करेंसी की मात्रा बढ़े।
  • देश में नकदी की कोई कमी नहीं। ब्रांच पोस्ट ऑफिसों और जिला सहकारी बैंकों में नकदी की उपलब्धता भी बढ़ाई गई है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करेंसी की सप्लाई पर दो दिनों में दूसरी बार सोमवार रात समीक्षा बैठक की।