नई दिल्‍ली। हर रोज बढ़ रही महंगाई और ऊपर से कई प्रकार के बढ़ते हुए खर्च आपकी कमर जरूर तोड़ रहे होंगे। ऐसे में आपको लगता होगा कि काश कोई ऐसे साधन हों, जहां से हर महीने कुछ एक्‍स्‍ट्रा पैसा आता रहे और आपके हर महीने का बजट भी बना रहे और आप अपनी लाइफस्‍टाइल को बेहतर बनाते रहें। हम यहां किसी साइड बिजनेस की बात नहीं कर रहे हैं, और न ही किसी वर्क फ्रॉम होम की। हम बात कर रहे हैं आपकी सैलरी में से ही कुछ निवेश की, जिन्‍हें करने के बाद आप हर महीने अपने खाते में धन प्राप्‍त कर सकते हैं।

सरकारी स्‍कीम

सरकारी योजनाएं इसलिये सबसे ज्‍यादा लोग प्रिफर करते हैं, क्‍योंकि इसमें कोई रिस्‍क नहीं होता। ऐसे में सबसे बेहतर विकल्‍प डाक घर या फिर स्‍टेट बैंक ऑफ इंडिया है। इन दोनों में से कहीं भी जाकर आप मासिक आय के प्‍लान ले सकते हैं। यदि आप 4.5 लाख रुपए का निवेश करते हैं तो उसमें आपको 3000 रुपए प्रति माह मिलेंगे। खास बात यह है कि ऐसी योजनाओं में आपको आयकर के सेक्‍शन 80 सी के तहत कर में छूट भी मिलेगी।

Advertisement

इसके लिये आप किसी भी पोस्‍ट ऑफिस में जायें और उनसे मासिक आय योजना के बारे में पूछें। विस्‍तार से सारी चीजें पढ़ने के बाद आप योजना लें। इसमें आपको 6 से 9 प्रतिशत तक की ब्‍याज दर से धन मिलता है। खास बात यह है कि कई सारे बैंकों के प्‍लान भी डाकघर की योजनाओं के आगे फेल हो जाते हैं। मासिक आय वाली स्‍कीम एसबीआई समेत कुछ बैंकों में भी उपलब्‍ध है।

Advertisement

फंड स्‍कीम

म्‍यूचुअल फंड स्‍कीम कई सारे बैंकों द्वारा मुहैया करायी जाती है। लेकिन इसमें हमेशा रिस्‍क बना रहता है। पैसा डूबने का डर आपको हमेशा सताता रहेगा। इसलिये बेहतर होगा आप जब भी म्‍यूचुअल फंड में पैसा लगायें, तो साथ ही कुछ सरकारी या गैरसरकारी इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर बॉन्‍ड भी लें, ताकि रिस्‍क कम से कम रहे। म्‍यूचुअल फंड में ब्‍याज दर 10 से 15 प्रतिशत के बीच घटती-बढ़ती रहती है। यह निर्भर करता है कि बाजार में क्‍या रुख चल रहा है। लेकिन हां अगर बाजार का रुख अच्‍छा है तो आपको 15 प्रतिशत की ब्‍याज दर तक आपको पैसा मिल सकता है वो भी हर माह।

Advertisement

यह लेख फाइनेंशियल कंसल्‍टेंट पंकज प्रियदर्शी से बातचीत पर आधारित है। पंकज आईआईटी खड़गपुर से बीटेक व आईएसबी हैदराबाद से एमबीए हैं।