नई दिल्ली, सितंबर 24। बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) खाड़ी देश हैं। खाड़ी देश ऐसा शब्द है, जो आपने अकसर सुना होगा। यही वो खाड़ी देश हैं, जो गल्फ़ कोपरेशन काउंसिल के नाम से जाने जाते हैं। तेल-गैस के अपार भंडार के कारण ये सारे देश और इनके देशवासी बहुत मालदार हैं। इन्हीं में से एक देश अब और अमीर होने जा रहा है। ये देश है सऊदी अरब। सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना में सोने और तांबे का भंडार मिला है। इससे इस देश की संपत्ति और बढ़ेगी। आगे जानिए पूरी डिटेल।
सऊदी अरब ने हाल ही में अपने दूसरे सबसे पवित्र शहर मदीना में सोने और तांबे के अयस्क का भंडार ढूंढा है। इसके लिए नई ऐसी साइटों की खोज की घोषणा की गयी। सऊदी जियोलोजिकल सर्वे ने एक ट्विटर पोस्ट में इस बात की जानकारी दी। उसने कहा है कि सोने के अयस्क की खोज मदीना क्षेत्र में अबा अल-राहा की सीमाओं के भीतर हुई है। अधिकारियों के मुताबिक मदीना में वादी अल-फ़रा क्षेत्र में अल-मदीक क्षेत्र में चार जगहों पर तांबा अयस्क (कॉपर ओर) भी खोजा गया।
सऊदी अरब किंगडम के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया कि इन खोजों के साथ, दुनिया के लिए निवेश के अवसर खुलेंगे। अल अरबिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में इन नई खोजों से अब स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करने और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान होने की उम्मीद है।
अधिकारियों का अनुमान है कि नई खोजी गई साइट में 53.3 करोड़ डॉलर का निवेश मिलने की उम्मीद है। इससे लगभग 4,000 नौकरियां पैदा होने की भी उम्मीद है। विश्लेषकों का मानना है कि नई खोजें देश में खनन के लिए एक छलांग साबित हो सकती हैं। इससे निवेश के अवसर और अधिक बढ़ने की संभावनाएं होंगी।
इससे पहले इसी साल सऊदी भूवैज्ञानिक सहकारी संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर अब्दुलअज़ीज़ बिन लाबोन ने जनवरी में कहा था सऊदी अरब में 5,300 से अधिक खनिज स्थान मौजूद हैं। इनमें कई तरह की धातु और गैर-धातु चट्टानें शामिल हैं। साथ ही देश को निर्माण सामग्री, सजावटी चट्टानें और रत्न भी मिलेंगे।
सऊदी अरब में खनन उन क्षेत्रों में से एक है जिसे वहां के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अपने विजन 2030 के हिस्से के रूप में विस्तार के लिए पहचाना है। अल अरबिया के अनुसार, जून में क्राउन प्रिंस ने अनुसंधान और विकास क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय प्राथमिकताओं की घोषणा की। वहीं मई में, किंगडम के उद्योग और खनिज संसाधन मंत्रालय ने खनन क्षेत्र में 32 बिलियन डॉलर के निवेश को आकर्षित करने की योजना का रास्ता तैयार किया। आपको बता दें कि सऊदी की अर्थव्यवस्था तेल पर काफी निर्भर करती है। मगर अब ये देश विजन 2030 के तहत तेल के अलावा अन्य सेक्टरों पर ध्यान दे रहा है ताकि वहां की इकोनॉमी केवल तेल पर निर्भर न रहे और दूसरे सेक्टर उसकी इनकम का सोर्स बनें।
More Articles
- ITR डेडलाइन: रिफंड अटकने से बचाना है तो अभी चेक करें AIS और TIS, वरना होगी परेशानी
- Redington Share Price: शानदार नतीजों के दम पर 10% उछला शेयर, खरीदारी का सही समय?
- Nifty 25,000 की ओर या आएगा Correction? Banking, NBFC और IT Sector पर Expert की बड़ी राय
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका