Upcoming IPO: क्विक डिलीवरी स्टार्टअप Zepto इन दिनों अपने शुरुआती पब्लिक ऑफर यानी IPO की तैयारियों में जुटी हुई है। कंपनी के सह-संस्थापक और CEO आदित पालिचा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि Zepto इस साल के अंत तक SEBI के पास अपना DRHP (Draft Red Herring Prospectus) जमा कराएगी। कंपनी की योजना है कि वह आने वाले महीनों में शेयर बाजार में कदम रखे।
सीएनबीसी कि रिपोर्ट के अनुसार, Zepto ने बीते कुछ सालों में मेट्रो शहरों में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है और तेजी से ग्रोथ की ओर बढ़ रही है। IPO के जरिए कंपनी निवेशकों से पूंजी जुटाकर अपने विस्तार की योजनाओं को मजबूत करना चाहती है। लेकिन इन तैयारियों के बीच कंपनी को फूड सेफ्टी से जुड़ी एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है।
मुंबई में स्टोरेज सेंटर पर कार्रवाई
FDA ने हाल ही में जेप्टो की पैरेंट कंपनी KiranaKart Technologies Private Limited का फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। मुंबई के धारावी इलाके में मौजूद कंपनी के एक स्टोरेज सेंटर में की गई जांच के बाद इस कार्रवाई को किया गया है।
FDA की टीम ने निरीक्षण के दौरान कई गंभीर लापरवाहियां पाईं। रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोरेज एरिया में फंगल ग्रोथ देखा गया। कई फूड प्रॉडक्ट्स को गंदे और जमे हुए पानी के पास स्टोर किया गया था। कोल्ड स्टोरेज का तापमान भी तय मानकों के अनुसार नहीं था। इसके अलावा गीले और गंदे फर्श, खाने की चीजों को सीधे जमीन पर रखने और एक्सपायर्ड फूड आइटम्स को नए स्टॉक से अलग न करने जैसी गंभीर कमियां सामने आईं।
तुरंत रोका गया ऑपरेशन
इन सभी उल्लंघनों को देखते हुए FDA की असिस्टेंट कमिश्नर अनुपमा बलासाहेब पाटिल ने Zepto की उस यूनिट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑपरेशंस पर तुरंत रोक लगाने का आदेश दिया है। अब यह सुविधा तब तक दोबारा शुरू नहीं हो सकती जब तक सभी नियमों का पूरी तरह पालन नहीं किया जाता और लाइसेंसिंग अथॉरिटी से दोबारा अनुमति नहीं मिलती।
कंपनी ने दी सफाई जल्द सुधार का भरोसा
Zepto ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि उन्होंने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। कंपनी का कहना है कि वह फूड सेफ्टी और हाइजीन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी जरूरी सुधार कर रही है। Zepto ने भरोसा दिलाया है कि वह जल्द ही सभी क्राइटेरिया को पूरा कर ऑपरेशन दोबारा शुरू करेगी।
IPO से पहले छवि को झटका
IPO लाने की तैयारी कर रही कंपनी के लिए यह मामला छवि पर असर डाल सकता है। निवेशक न सिर्फ कंपनी के वित्तीय आंकड़ों को देखते हैं, बल्कि ऑपरेशन और भरोसेमंद ब्रांड इमेज भी उनके फैसलों में बड़ी भूमिका निभाती है। ऐसे में Zepto को फूड सेफ्टी के मामले में पूरी ट्रांसपेरेंसी के साथ जल्द कार्रवाई करनी होगी, ताकि बाजार और कंज्यूमर का भरोसा बना रहे।
More Articles
- ITR डेडलाइन: रिफंड अटकने से बचाना है तो अभी चेक करें AIS और TIS, वरना होगी परेशानी
- Redington Share Price: शानदार नतीजों के दम पर 10% उछला शेयर, खरीदारी का सही समय?
- अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन लॉन्च की अटकलों को किया खारिज, कहा- रिपोर्ट्स निराधार
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति