Union Budget 2026 Date: हर साल देश की अर्थव्यवस्था की दिशा तय करने वाला केंद्रीय बजट आम लोगों से लेकर बाजार तक के लिए बेहद अहम होता है। आमतौर पर यह बजट 1 फरवरी को संसद में पेश किया जाता है। यह परंपरा साल 2017 से लगातार निभाई जा रही है। लेकिन साल 2026 में एक दिलचस्प स्थिति बन रही है, क्योंकि 1 फरवरी 2026 को रविवार का दिन पड़ रहा है।

Advertisement

ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार केंद्रीय बजट रविवार को ही पेश किया जाएगा या तारीख में बदलाव हो सकता है।

Advertisement

1 फरवरी की परंपरा कैसे शुरू हुई

साल 2017 से पहले केंद्रीय बजट फरवरी के आखिरी दिन पेश किया जाता था। उस समय बजट पास होने में देरी होती थी और नए वित्त वर्ष की शुरुआत में सरकार को खर्च चलाने के लिए 'वोट ऑन अकाउंट' लाना पड़ता था। इस समस्या को खत्म करने के लिए साल 2017 में तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट की तारीख बदलकर 1 फरवरी कर दी। इसका मकसद था कि बजट को समय रहते संसद से मंजूरी मिल जाए और 1 अप्रैल से उसे लागू किया जा सके।

Advertisement

2026 में क्यों बढ़ी चर्चा

साल 2026 में 1 फरवरी रविवार को पड़ रहा है। आम तौर पर रविवार को संसद की कार्यवाही नहीं होती। इसी वजह से यह सवाल उठ रहा है कि क्या वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को ही बजट पेश करेंगी या किसी और दिन संसद को बुलाया जाएगा।

क्या रविवार को भी पेश हो सकता है बजट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संसदीय नियमों में ऐसा कोई स्पष्ट प्रतिबंध नहीं है कि बजट रविवार को पेश नहीं किया जा सकता। अगर सरकार चाहे तो विशेष सत्र बुलाकर रविवार को भी बजट पेश किया जा सकता है। इससे पहले भी कुछ अहम मौकों पर संसद की कार्यवाही छुट्टी के दिन हुई है।

Advertisement

सरकार क्या कह रही है

जब इस विषय पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि इस तरह के फैसले कैबिनेट कमेटी ऑन पार्लियामेंट्री अफेयर्स द्वारा लिए जाते हैं। फिलहाल इस बारे में कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। यानी अभी यह तय नहीं है कि बजट रविवार को आएगा या तारीख बदलेगी।

आम लोगों और बाजार की नजर

केंद्रीय बजट सिर्फ सरकार का दस्तावेज नहीं होता, बल्कि इसका सीधा असर टैक्स, महंगाई, नौकरी, व्यापार और निवेश पर पड़ता है। ऐसे में बजट की तारीख और समय को लेकर लोगों की दिलचस्पी स्वाभाविक है। अगर बजट रविवार को पेश होता है, तो यह अपने आप में एक खास घटना होगी।