नयी दिल्ली। यदि आपकी आयु 18 वर्ष से अधिक है और आपके पास वैध पहचान पत्र या पैन नहीं है, तो भी भारतीय स्टेट बैंक या एसबीआई आपको बैंकिंग सिस्टम का उपयोग करने की अनुमति देता है। एसबीआई आपको बिना पहचान पत्र या पैन कार्ड के भी खाता खोलने की सुविधा देता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आप एसबीआई के बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट स्मॉल अकाउंट, जिसे एसबीआई स्माल अकाउंट के नाम से भी जाना जाता है, के तहत केवाईसी दस्तावेजों के बिना भी जीरो-बैलेंस सेविंग बैंक अकाउंट खुलवा सकते हैं। यह जानकारी खुद एसबीआई ने अपनी वेबसाइट पर दे रखी है। इस अकाउंट की सबसे खास बात है इसमें मासिक न्यूनतम बैलेंस बना कर रखना नहीं होता। हालाँकि इसमें अधिकतम जमा राशि 50000 रुपये ही बरकरार रखी जा सकती है। तो आइये जानते हैं इस खाते के बाकी फीचर्स के बारे में।
सबसे पहले आपको बता दें कि एसबीआई स्माल अकाउंट खोलने के समय आपको एक सेल्फ-अटेस्टेड फोटोग्राफ जमा करना होगा और बैंक के अधिकारी के सामने अपने हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लगाना होगा, जो अकाउंट खोलने के लिए अधिकृत है। ध्यान दें कि आवश्यक केवाईसी दस्तावेज जमा करने पर इस खाते को एक नियमित पूर्ण-सेवा बचत खाते में परिवर्तित किया जा सकता है। इस अकाउंट में मिनिमम बैलेंस बना कर रखने की जरूरत नहीं होगी। यानी आपको कम बैलेंस होने पर कोई चार्ज भी नहीं देना होगा। इस खाते में अधिकतम बैलेंस 50,000 रुपये ही बना कर रखा जा सकता है।
यदि खाते में आपका बैलेंस 50,000 रुपये से अधिक हो जाये या खाते पर क्रेडिट किसी वर्ष में 1 लाख रुपये से अधिक हो जाये तो पूर्ण केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने तक आगे किसी भी लेनदेन की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसबीआई के स्मॉल अकाउंट में बैलेंस पर मिलने वाली ब्याज दर बैंक के नियमित बचत बैंक खाते के बराबर ही होती है। इस खाते को खुलवाने पर ग्राहक को रुपे एटीएम-कम-डेबिट कार्ड मुफ्त में दिया जाएगा। मगर याद रहे कि किसी एक महीने में कुल मिला कर ट्रांसफर या निकासी 10,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इस खाते में कोई भी सालाना रखरखाव शुल्क नहीं वसूला जाता। इस अकाउंट में आपको महीने में अधिकतम 4 बार ही पैसे निकालने की अनुमति होगी। इसमें एसबीआई या किसी दूसरे बैंक के एटीएम से पैसे निकालने के अलावा आरटीजीएस / एनईएफटी / क्लियरिंग / शाखा से नकदी निकासी / ट्रांसफर / इंटरनेट डेबिट / स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शंस / ईएमआई भी शामिल हैं। यदि खाता खोलने के 24 महीनों के भीतर बैंक में केवाईसी दस्तावेज जमा नहीं किए गये, तो खाते को बंद करने के अलावा किसी अन्य लेनदेन की अनुमति नहीं होगी। यानी आपको 24 महीनों में केवाईसी करवानी ही होगी।
यह भी पढ़ें - महंगाई की तगड़ी मार : जनवरी से क्या-क्या होगा महंगा, जानिये यहां
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान