नई दिल्ली, सितंबर 15। क्या आप जानते हैं कि दुनिया के किस शहर में सबसे अधिक करोड़पति रहते हैं? एक नयी रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सबसे अधिक करोड़पति न्यूयॉर्क में रहते हैं। आगे हम आपको उन टॉप 20 शहरों के नाम बताएंगे, जिनमें सर्वाधिक करोड़पति रहते हैं। उससे पहले यह जान लीजिए कि 2022 में, अमेरिका दुनिया के टॉप 20 सबसे अमीर शहरों पर हावी है, जिसमें छह अमेरिकी शहर हैं।

Advertisement

न्यूयॉर्क - पृथ्वी का सबसे धनी शहर

न्यूयॉर्क 345,600 करोड़पतियों का घर है, जिसमें 737 सेंटी-करोड़पति (100 मिलियन अमरीकी डालर या उससे अधिक संपत्ति वाले) और 59 अरबपति शामिल हैं। न्यूयॉर्क अमेरिका का वित्तीय केंद्र है और कई कारणों से दुनिया का सबसे धनी शहर है। यह मार्केट कैप (डॉव जोन्स और नैस्डैर) के लिहाज से दुनिया के दो सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंजों का भी घर है।

Advertisement
टोक्यो

टोक्यो में 304,900 निवासी करोड़पति हैं, जिनमें 263 सेंटी-करोड़पति और 12 अरबपति शामिल हैं। हेन्ले एंड पार्टनर्स की रिपोर्ट के अनुसार टॉप 20 सूची में अधिकांश अन्य शहरों की तुलना में इसकी अरबपति आबादी कम है कि टोक्यो में पैसा समान रूप से बांटा किया जाता है, जिसमें मध्यम वर्ग और निचले स्तर के करोड़पति शहर के अधिकांश पैसे को नियंत्रित करते हैं।

सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र

सैन फ्रांसिस्को शहर और सिलिकॉन वैली को शामिल करते हुए ये 276,400 करोड़पतियों का घर है, जिसमें 623 सेंटी-करोड़पति और 62 अरबपति शामिल हैं। बड़ी संख्या में यह तकनीकी अरबपतियों का घर है। सिलिकॉन वैली में एथरटन और लॉस अल्टोस हिल्स जैसे समृद्ध शहर शामिल हैं।

लंदन
कई वर्षों तक दुनिया का सबसे धनी शहर, आज 272,400 करोड़पतियों वाला शहर है। यहां 406 सेंटी-करोड़पति और 38 अरबपति शामिल हैं। बता दें कि भारत का एक भी शहर टॉप 20 की लिस्ट में शामिल नहीं हैं।

ये हैं बाकी शहरों के नाम

बाकी जिन शहरों में सर्वाधिक करोड़पति हैं उनमें सिंगापुर (249,800), लॉस एंजिल्स (192,400), शिकागो (160,100), ह्यूस्टन (132,600), बीजिंग (131,500), शंघाई (130,100), सिडनी (129,500), हॉन्ग-कॉन्ग (125,100) और फ्रैंकफर्ट (117,400) के अलावा टोरोंटो (116,100), ज्यूरिख (105,100), सोल (102,100), मैलबर्न (97,300), डलास और फोर्ट वर्थ (92,300), जेनेवा (90,300) और पेरिस (88,600) शामिल हैं। तीन और शहर तेजी से बढ़ रहे हैं और 2030 तक इनके शीर्ष 20 में पहुंचने की उम्मीद है। इनमें मुंबई, दुबई और शेनजेन शामिल हैं।

मुंबई में कितने करोड़पति

मुंबई में 60,600 निवासी करोड़पति, 243 सेंटी-करोड़पति और 30 अरबपति हैं, और विश्व स्तर पर यह इस समय 25वें स्थान पर है। ये मेगासिटी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का घर है, दोनों ही मार्केट कैप के हिसाब से दुनिया के 10 सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंजों में शुमार हैं। तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में वित्तीय सेवाएं, मीडिया और रियल एस्टेट शामिल हैं। वहीं दुबई वर्तमान में विश्व स्तर पर 23 वें स्थान पर है और पहले से ही 67,900 करोड़पति, 202 सेंटी-करोड़पति और 13 अरबपतियों का घर है। अमीरात में अत्यधिक विविध अर्थव्यवस्था है, जो बेसिक मैटेरियल, होटल, वित्तीय सेवाओं, तेल और गैस, रियल एस्टेट, खुदरा और परिवहन सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत है। दुबई के समृद्ध हिस्सों में अमीरात हिल्स, जुमेराह गोल्फ एस्टेट और पाम जुमेराह शामिल हैं।