TCS Q2 Results : टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने आज 10 अक्टूबर को 2022 की जुलाई-सितंबर तिमाही (वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही) के वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए। इसने इस तिमाही में 10,465 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जो कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में रहे 9,653 करोड़ रुपये से 8.41 फीसदी की बढ़ोतरी है। टीसीएस देश की सबसे बड़े आईटी सर्विस प्रोवाइडर कंपनी है। इसने अपने नतीजों के साथ ही वित्तीय नतीजों के सीजन की शुरुआत कर दी है।

Advertisement

तिमाही आधार पर कितना बढ़ा प्रोफिट
बता दें कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के मुकाबले दूसरी तिमाही में टीसीएस के शुद्ध लाभ में 9.93 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। टीसीएस ने कहा कि पिछले साल की समान तिमाही में 46,867 करोड़ रुपये की तुलना में इसकी इनकम 18.01 प्रतिशत बढ़ कर 55,309 करोड़ रुपये हो गयी। पहली तिमाही के मुकाबले इसकी इनकम में 4.83 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

Advertisement

कॉन्स्टैंट करेंसी के आंकड़े
कॉन्स्टैंट करेंसी के लिहाज से टीसीएस की इनकम में सालाना आधार पर 15.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कंपनी ने कहा कि इसका ऑपरेटिंग मार्जिन 24 प्रतिशत रहा, जो कि साल दर साल दर आधार पर 1.6 प्रतिशत गिर गया। तिमाही के लिए कंपनी की ऑर्डर बुक 8.1 अरब डॉलर रही। कंपनी ने कहा कि ऑपरेशन से शुद्ध कैश 10,675 करोड़ रुपये या शुद्ध आय का 102.3 प्रतिशत रहा।

Advertisement

डिविडेंड का ऐलान
टीसीएस ने 8 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड या लाभांश की घोषणा भी की। इसके लिए रिकॉर्ड तिथि 18 अक्टूबर तय की गयी है और इसका भुगतान 7 नवंबर को किया जाएगा। अलग अलग सेगमेंट्स में देखें तो रिटेल और सीपीजी में 22.9 प्रतिशत, टेक्नोलॉजी और मीडिया में 18.7 प्रतिशत, टेक्नोलॉजी और सर्विसेज में 15.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। मैन्युफैक्चरिंग के साथ-साथ लाइफ साइंसेज और हेल्थकेयर वर्टिकल में 14.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि बीएफएसआई में 13.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

Advertisement

अलग-अलग मार्केट
अलग-अलग मार्केट में देखें तो उत्तरी अमेरिका में 17.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यूरोप में 14.1 प्रतिशत और ब्रिटेन में 14.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। उभरते बाजारों में भारत में 16.7 प्रतिशत, लैटिन अमेरिका में 19 प्रतिशत, मध्य पूर्व और अफ्रीका में 8.2 प्रतिशत और एशिया प्रशांत में 7 प्रतिशत की वृद्धि हुई।