SpiceJet Special Flights For Ayodhya: दिवाली का त्योहार अब बस कुछ ही दिनों में आने वाला है, और यदि आप इस बार की दिवाली प्रभु श्रीराम के जन्मस्थली अयोध्या में मनाना चाहते हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दरअसल, दिवाली से पहले एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट ने यात्रियों को बड़ा तोहफा देते हुए देश के 4 प्रमुख शहरों से अयोध्या के लिए डायरेक्ट फ्लाइट के सेवा शुरु करने की घोषणा की है।

Advertisement

इन चार शहरों से शुरु होगी सेवाएं

6 अक्टूबर (सोमवार) को स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा कि उसने 8 अक्टूबर से दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद से अयोध्या के लिए विशेष दैनिक नॉन-स्टॉप दिवाली उड़ानें शुरू की हैं। एयरलाइन ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से शुरू होने वाली ये नई उड़ानें दिवाली के त्योहार के दौरान पर्यटकों और श्रद्धालुओं को पवित्र शहर और राम मंदिर तक निर्बाध पहुंच प्रदान करेंगी।

Advertisement

इसके अलावा, एयरलाइन त्योहारी सीज़न के दौरान अपनी कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मुंबई से उड़ानें शुरू करने पर विचार कर रही है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इन अतिरिक्त उड़ानों के साथ, स्पाइसजेट अपने घरेलू नेटवर्क को मजबूत कर रही है और त्योहारी यात्रा को सभी के लिए सुविधाजनक, किफायती और सुलभ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि कर रही है।

Advertisement

एयरलाइन के अधिकारी ने क्या कहा?

स्पाइसजेट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी देबोजो महर्षि ने कहा, "भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या जाने के लिए दिवाली से बेहतर कोई अवसर नहीं हो सकता। हमें इस पवित्र नगरी की यात्रा को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए और भी आसान और सुविधाजनक बनाने पर खुशी है। प्रमुख महानगरों से हमारी नई दैनिक उड़ानें दिवाली के दौरान अयोध्या तक सुगम और किफायती पहुंच सुनिश्चित करेंगी, जिससे यात्री इस त्योहार को उसके सबसे दिव्य वातावरण में मना सकेंगे।"

Advertisement

बता दें कि स्पाइसजेट एक IATA-IOSA प्रमाणित एयरलाइन है जो बोइंग 737 और Q-400 विमानों का बेड़ा संचालित करती है और उड़ान या क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत प्रतिदिन कई उड़ानें संचालित करने वाली देश की सबसे बड़ी क्षेत्रीय कंपनियों में से एक है।