नयी दिल्ली। तीन प्रमुख बैंकों ने साल की शुरुआत में ही एफडी की ब्याज दरों में बदलाव किया है। इन बैंकों में देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई, पीएनबी (देश का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी बैंक) और एक्सिस बैंक शामिल है। अगर आप इस साल में एफडी में पैसा लगाना चाहते हैं तो इन तीनों बैंकों की नयी ब्याज दरें जान लीजिए। हाल ही में एसबीआई ने कुछ अवधियों की एफडी ब्याज दरों में इजाफा किया है।

Advertisement

एसबीआई की एफडी पर नयी ब्याज दरें

सामान्य नागरिकों को 2 करोड़ रु से कम की एफडी पर सात से 45 दिनों तक की अवधि में 2.9 फीसदी ब्याज मिलेगा। 46 दिनों से 179 दिनों की एफडी पर 3.9 फीसदी ब्याज मिलेगा। इसी तरह 180 दिन से 1 साल से एक दिन कम तक पर 4.4 फीसदी, 1 वर्ष से 2 वर्ष तक के लिए एफडी कराने पर 5 फीसदी और 2 साल में 3 साल में मैच्योर होने वाली एफडी पर आपको 5.1 फीसदी ब्याज मिलेगा। 3 साल से 5 साल की एफडी पर 5.3 प्रतिशत और 5 साल से 10 साल में मैच्योर होने वाली एफडी पर आप 5.4 फीसदी ब्याज हासिल कर सकते हैं।

Advertisement
एक्सिस बैंक की एफडी पर लेटेस्ट ब्याज दरें

एक्सिस बैंक में सामान्य नागरिकों को 2 करोड़ रु से कम की राशि पर 7 से 29 दिन की एफडी पर 2.5 फीसदी, 30 से 90 दिन पर 3 फीसदी, 90 से 120 दिन पर 3.5 फीसदी, 120 से 180 दिन पर 3.75 फीसदी, 180 दिन से 360 दिन पर 4.40 फीसदी, 2 साल से 3 साल से कम और 3 साल से 5 साल से कम पर 5.4 फीसदी तथा 5 से 10 साल तक की एफडी पर आपको 5.5 फीसदी ब्याज मिलेगा। 10 साल तक की एफडी पर आपको एक्सिस बैंक में एसबीआई के मुकाबले ज्यादा ब्याज मिलेगा।

पीएनबी की एफडी पर ताजा ब्याज दरें

पीएनबी में सामान्य नागरिकों को 2 करोड़ रु से कम की राशि पर 7 से 45 दिन की एफडी पर 3 फीसदी, 46 से 90 दिन पर 3.25 फीसदी, 91 से 179 दिन पर 4 फीसदी, 180 से 270 दिन पर 4.4 फीसदी, 271 दिन से एक साल से कम पर 4.5 फीसदी, 1 साल से 3 साल पर 5.2 फीसदी, 3 साल से 5 साल पर 5.3 फीसदी और 5 से 10 साल तक की एफडी पर भी आपको 5.3 फीसदी ब्याज मिलेगा।

वरिष्ठ नागरिकों को ज्यादा ब्याज

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सभी बैंक सामान्य नागरिकों के मुकाबले वरिष्ठ नागरिकों को ज्यादा ब्याज देते हैं। एसबीआई, एचडीएफसी और एक्सिस बैंक सहित सभी बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य नागरिकों के मुकाबले ज्यादा ब्याज मिलता है।

एफडी क्यों है अच्छा ऑप्शन

एफडी निवेश के लिए बढ़िया ऑप्शन है। इसकी दो अहम वजह हैं। आपका पैसा सुरक्षित रहता है और ब्याज के रूप में गारंटीड रिटर्न मिलता है। बैंकों के अलावा कई गैर-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी और पोस्ट ऑफिस भी टर्म डिपॉजिट की सुविधा देती है। हालांकि पिछले कुछ समय में एफडी की दरों में काफी गिरावट आई है। यदि आप एफडी के अलावा दूसरे ऑप्शन में निवेश करना चाहते हैं तो पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं अच्छा ऑप्शन हैं।