नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्‍टेट बैंक (एसबीआई) के दूसरी तिमाही नतीजे बेहतर रहे है। एसबीआई ने 30 सितंबर 2020 को समाप्‍त चालू वित्‍त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस तिमाही में बैंक का मुनाफा 4574 करोड़ रुपये रहा है। जबक‍ि पिछले वित्‍त वर्ष की समान तिमाही में बैंक को 3011.73 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।

Advertisement

देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई की दूसरी तिमाही के दौरान फंसे हुए कर्ज में कमी के चलते उसका संचयी शुद्ध लाभ 55 प्रतिशत बढ़कर 5,246.88 करोड़ रुपये हो गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शेयर बाजार को बताया कि पिछले वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान उसका शुद्ध लाभ 3,375.40 करोड़ रुपये था। एसबीआई समूह की कुल आय समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बढ़कर 95,373.50 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 89,347.91 करोड़ रुपये थी।

Advertisement

बैंक का शुद्ध लाभ 52 प्रतिशत बढ़कर 4,574 करोड़ रुपये
बैंक ने बताया कि 30 सितंबर 2020 तक कुल कर्ज के मुकाबले उसकी सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) घटकर 5.28 प्रतिशत रह गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 7.19 प्रतिशत थी। इस दौरान शुद्ध एनपीए भी घटकर 1.59 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 2.79 फीसदी था। एकल आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ लगभग 52 प्रतिशत बढ़कर 4,574.16 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 3,011.73 करोड़ रुपये था। बैंक की कुल आय सितंबर 2020 तिमाही में बढ़कर 75,341.80 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 72,850.78 करोड़ रुपये थी।

Advertisement

रिटेल क्रेडिट ग्रोथ पहले के स्तर पर
बता दें कि बैंक ने कहा कि उसकी रिटेल की क्रेडिट ग्रोथ महामारी के पहले के स्तर पर पहुंच गई है। रिटेल और पर्सनल में कुल उधारी 7 लाख 85 हजार 345 करोड़ रुपए रही है। इसमें 14.55 पर्सेंट की ग्रोथ रही है। डिपॉजिट में 14.41 और उधारी में 6.02 पर्सेंट की ग्रोथ रही है। बैंक की कुल डिपॉजिट अब 34.70 लाख करोड़ रुपए हो गई है।

Advertisement

होम लोन में 10.34% की हुई बढ़त
बैंक के होम लोन का योगदान घरेलू उधारी में सालाना आधार पर 23 पर्सेंट रहा है। इसमें 10.34 पर्सेंट की बढ़त हुई है। होम लोन के तहत बैंक ने कुल 4.68 लाख करोड़ रुपए का कर्ज दिया है। कुल उधारी 23 लाख 83 हजार 624 करोड़ रुपए रही है। बैंक ने दूसरी तिमाही में कुल 19,931 करोड़ रुपए टियर 2 और एटी1 कैपिटल के जरिए जुटाया था। बैंक के चालू खाते में 8.55 और बचत खाते के अनुपात में 16.28 पर्सेंट की बढ़त हुई है।

Advertisement