नयी दिल्ली। 108 मेगापिक्सेल (एमपी) कैमरा सेंसर लॉन्च करने के बाद सैमसंग एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। कंपनी अब 600 एमपी स्मार्टफोन कैमरा सेंसर डेवलप कर रही है। सैमसंग जल्द ही 600 एमपी सेंसर पेश कर सकती है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण कोरियाई स्मार्टफोन निर्माता 600 एमपी कैमरा सेंसर पर तेजी से काम कर रही है। यह नये सेंसर के साइज और इसके पिछले सेंसरों के बीच के अंतर को देखते हुए एक बड़ी छलांग होगी।

Advertisement

क्या है सैमसंग की तैयारी

आइस यूनिवर्स नामक एक ट्विटर अकाउंट, जो गुप्त सूचनाएं देता है, के अनुसार सैमसंग 600 एमपी का कैमरा ISOCELL सेंसर के साथ तैयार करेगी। इसमें गैलेक्सी नोट 20 अल्ट्रा वाला 0.8µm भी होगा। हालांकि जो मुख्य बाधा सैमसंग के सामने है कि वो ये कि कैमरा बम्प के आकार में काफी बढ़ोतरी होगी। ये सैमसंग एस 20 अल्ट्रा और नोट 20 अल्ट्रा पर पहले से ही बहुत बड़ा है। इन स्मार्टफोन्स में 108 एमपी का सेंसर है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार सैमसंग के वर्तमान फ्लैगशिप फोन के आकार को ध्यान में रखते हुए ये सेंसर इसके रियर पैनल का 12 फीसदी हिस्सा ले लेगा।

बढ़ेगी फोन की मोटाई

सैमसंग के सामने एक और चुनौती यह है कि फोन की मोटाई को 22 मिमी तक बढ़ाया जाएगा। इसका मतलब है कि कैमरा बम्प न सिर्फ थोड़ा डगमगाएगा बल्कि यह स्मार्टफोन को जेब में रखने लायक भी नहीं छोड़ेगा। साइज की समस्या का एक समाधान यह हो सकता है कि सैमसंग इसे एक डिटेचेबल कैमरा मॉड्यूल बनाए। ऐसी ही कुछ मोटोरोला ने कई साल पहले अपने मोटो जेड के साथ किया था।

शानदार होगी वीडियो क्वालिटी

जिस सेंसर पर काम किया जा रहा है वो 4के और 8के वीडियो को बेहतर तरीके से रिकॉर्ड करने में सक्षम बनाएगा। बड़े सेंसर यह सुनिश्चित करेंगे कि जूम-इन करने से क्वालिटी का कोई नुकसान न हो। यह कैपेसिटी कंटेंट बनाने वालों के बीच इसे लोकप्रिय बना देगी, क्योंकि वे बेहतर क्वालिटी के वीडियो रिकॉर्ड करने और खराब क्वालिटी की चिंता किए बिना एक तय लिमिट में जूम कर सकेंगे। भले ही सैमसंग एक 600 एमपी कैमरा सेंसर डेवलप कर रहा है, लेकिन उस फोन पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है जिसमें ये कैमरा सेंसर सपोर्ट करेगा। दूसरी तरफ एक मोबाइल प्रोसेसर को उस कैमरा सेंसर को सपोर्ट करना पड़ता है, जिसका रिज़ॉल्यूशन 600 एमपी तक होता है।

इन स्मार्टफोन्स में 108 एमपी का कैमरा

सैमसंग गैलेक्सी नोट 20 अल्ट्रा 5जी और सैमसंग गैलेक्सी नोट 20 अल्ट्रा में 108 एमपी का कैमरा है। शिओमी भी अपने कई स्मार्टफोन्स में 108 एमपी का कैमरा पेश कर चुकी है। इनमें शिओमी एमआई10, शिओमी एमआई 10टी प्रो, शिओमी रेडमी नोट9 प्रो 5जी, शिओमी एमआई 10 प्रो और शिओमी एमआई नोट 10 प्रो शामिल हैं। आपको बता दें कि ज्यादा एमपी के कैमरे वाला स्मार्टफोन कंपनियों के बीच मुकाबले एक मुद्दा बना हुआ है। ये प्रतियोगिता कई सालों से चल रही है। इस समय 48 और 64 मेगापिक्सेल के कैमरे बहुत आम है। नये या मौजूदा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सैमसंग नयी तैयारी में हैं।