नयी दिल्ली। साल दर साल आधार पर चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में देश के प्रमुख 35 शहरों में घरों की बिक्री में 2% की गिरावट दर्ज की गयी है। इस बात की जानकारी रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स कंपनी Liases Foras ने 2019-20 की दूसरी तिमाही के लिए अपनी आवासीय रियल एस्टेट मार्केट रिपोर्ट में दी है। 2018-19 की जुलाई-सितंबर तिमाही में देश के 35 प्रमुख शहरों में 93,426 मकान बिके थे, जबकि इस साल जुलाई-सितंबर में 91,115 मकान ही बिके हैं। हालाँकि इन 35 शहरों में से 13 शहरों में मकानों की बिक्री में बढ़ोतरी भी देखने को मिली, मगर 22 शहरों में रियल एस्टेट सेक्टर सुस्त रहा। हालाँकि रिपोर्ट में बताया गया है कि छोटे शहरों में मकानों की बिक्री बढ़ रही है। कुल मकानों की बिक्री में 20 से अधिक टीयर 2 शहरों की भागीदारी बढ़ कर 26% हो गयी है। पिछले कारोबारी की जुलाई-सितंबर तिमाही इनकी कुल बिक्री में 25% हिस्सेदारी थी। दरअसल सरकार ने सस्ते मकानों के लिए काफी कदम उठाये हैं, जिससे पिछले 5 सालों में इन शहरों में रियल एस्टेट सेक्टर में जान आयी है।

Advertisement

एनसीआर में सबसे ज्यादा गिरावट
कुल 35 शहरों में मकानों की बिक्री में 2% गिरावट है, मगर अकेले एनसीआर में 15% की गिरावट दर्ज की गयी। मुख्य शहरों में दूसरा नंबर चेन्नई का रहा, जहाँ साल दर साल आधार पर जुलाई-सितंबर में 9% कम मकान बिके। इसके अलावा इस सूची में 7% की गिरावट के साथ मुंबई महानगर क्षेत्र का तीसरा और 4% के साथ पुणे चौथे नंबर पर है। देश के प्रमुख 35 शहरों में अनसोल्ड यानी अनबिके मकानों की बात करें तो Liases Foras ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि 13,10,570 मकान अभी नहीं बिके हैं। कीमतों के लिहाज से 30 लाख या इससे कम कीमत वाले सबसे अधिक मकान बिके। कुल मकानों में बिक्री का इनका योगदान 30% रहा। वहीं 50 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये वाले मकानों की 28% और 30-50 लाख रुपये के दाम वाले मकानों की कुल बिक्री में 27% भागीदारी रही।

Advertisement

इन शहरों में बढ़ी मकानों की बिक्री
कुछ शहरों में मकानों की बिक्री बढ़ी भी है। इनमें 25% की बढ़ोतरी के साथ नाशिक पहले पायदान पर रहा। इस फहरिस्त में जयपुर (22 प्रतिशत), कोलकाता (11 प्रतिशत), हैदराबाद (10 प्रतिशत), अहमदाबाद (4 प्रतिशत), बेंगलुरु (2 प्रतिशत) और बाहरी एमएमआर (2 प्रतिशत) शामिल हैं। गुरुग्राम को छोड़कर सभी उपनगरों में भारी गिरावट आई, जहाँ पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मकानों की बिक्री में सबसे बड़ी गिरावट फरीदाबाद (71 प्रतिशत), गाजियाबाद (42 प्रतिशत), भिवाड़ी (38 प्रतिशत), ग्रेटर नोएडा (32 प्रतिशत) और नोएडा (26 प्रतिशत) में देखी गयी।

Advertisement

यह भी पढ़ें - कीमतें कम करने के लिए भारत करेगा 6090 टन प्याज का आयात