नई दिल्ली, मार्च 13। अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में निवेश करते हैं, तो आपको रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के नए नियमों के बारे में पता होना चाहिए। इतना ही नहीं क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए भी एक अहम खबर है, क्योंकि क्रेडिट कार्ड से भी जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है। पहले बात एफडी की करते हैं। अगर आप एफडी के नये नियमों को नहीं जानते तो आपको आर्थिक नुकसान हो सकता है। हम आपको एफडी और क्रेडिट कार्ड दोनों से जुड़े नये नियमों की जानकारी देंगे।

Advertisement

एफडी का नया नियम

पिछले कुछ दिनों में कई सरकारी और प्राइवेट बैंकों ने एफडी पर मिल रही ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। पर अब एफडी से जुड़ा एक नियम भी बदल गया है। अब यदि मैच्योरिटी पर निवेशक मैच्योरिटी राशि के लिए क्लेम नहीं करता तो उसे उस पर कम ब्याज मिलेगा। यह ब्याज बचत खाते पर मिलने वाले ब्याज के बराबर ही होगा।

Advertisement
कितना हो सकता है नुकसान

इस समय बैंकों में आम तौर पर 5 से 10 साल की लंबी अवधि की एफडी पर 5 फीसदी से अधिक की ब्याज दर पेश की जा रही है। वहीं बचत खातों पर ब्याज दर इस समय 3 फीसदी से 4 फीसदी तक ही है। यानी आपको 1-2 फीसदी का नुकसान हो सकता है। बता दें कि ये नया नियम सभी कमर्शियल बैंकों, स्मॉल फाइनेंस बैंकों, को-ऑपरेटिव बैंकों के साथ साथ स्थानीय क्षेत्रीय बैंकों की एफडी पर भी लागू होगा।

जानिए अभी तक का नियम

अभी यह होता था कि मान लीजिए आपने 5 साल की एफडी कराई और मैच्योरिटी पर राशि के लिए क्लेम नहीं किया। तो बैंक उसी अवधि के लिए एफडी को आगे बढ़ा देता और एफडी की ब्याज दर के हिसाब से आपको ब्याज देता। पर अब ये नियम नहीं रहेगा। बल्कि इस स्थिति में आपको ब्याज बचत खाते पर मिल रही ब्याज दर के हिसाब से मिलेगा।

क्रेडिट कार्ड का नया नियम

बता दें कि क्रेडिट कार्ड का उपयोग जल्द महंगा हो सकता है। दरअसल वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड इसके चार्ज बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। ये चार्ज व्यापारियों के लिए बढ़ेगा, मगर उपभोक्ताओं पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। पहले शुल्क में वृद्धि टाल दी गयी थी। मगर यह अब अगले महीने से बढ़ेगी। इंटरचेंज फीस में ज्यादा बढ़ोतरी हुई।

एसबीआई एफडी रेट्स

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने 10 मार्च, 2022 से 2 करोड़ रुपये से अधिक की थोक एफडी पर ब्याज दरों में 20-50 आधार (0.20-0.50 फीसदी) अंकों की वृद्धि की है। बैंक ने ब्याज दरों में वृद्धि की है और 211 दिनों से लेकर एक वर्ष से कम अवधि के लिए एफडी पर 20 आधार अंक बढ़ाए गए हैं। 10 मार्च 2022 से इस अवधि की एफडी पर अब 3.10 फीसदी से बढ़कर 3.30 फीसदी ब्याज मिलेगा। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को इसी अवधि पर 3.60 प्रतिशत से बढ़ा कर 3.80 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। वहीं 1 साल से लेकर 10 साल तक की अवधि के लिए दरों में 50 आधार अंकों की बढ़ोतरी की गई है। ये 3.10 फीसदी से बढ़कर 3.60 फीसदी हो गई है। वरिष्ठ नागरिक के लिए यह ब्याज दर 3.60 प्रतिशत से बढ़ा कर 4.10 प्रतिशत कर दी गयी है।