Republic Day 2026 Traffic Advisory: देश 26 जनवरी 2026 को अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। राजधानी दिल्ली में इस खास मौके पर हर साल की तरह इस बार भी भव्य गणतंत्र दिवस परेड आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में देश-विदेश के मेहमान, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इसी वजह से दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी खास प्लान तैयार किया है।

Advertisement

दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि परेड के दिन कई अहम सड़कों पर ट्रैफिक सीमित रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें और अगर निकलना जरूरी हो, तो पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।

Advertisement

कब से लागू होंगे ट्रैफिक नियम

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 26 जनवरी को सुबह 10:30 बजे परेड शुरू होगी, लेकिन ट्रैफिक पर असर इससे पहले ही दिखने लगेगा। सुबह करीब 9:30 बजे से परेड रूट और उसके आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाएगी।

परेड का रूट और असर

गणतंत्र दिवस परेड विजय चौक से शुरू होकर कर्तव्य पथ, इंडिया गेट के पास सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग और बहादुर शाह जफर मार्ग से गुजरते हुए लाल किले तक पहुंचेगी। इस दौरान इन इलाकों में निजी वाहनों की एंट्री बंद या सीमित रहेगी।

Advertisement

विजय चौक के आसपास 25 जनवरी की शाम से ट्रैफिक रोका जाएगा

कर्तव्य पथ और इंडिया गेट की ओर जाने वाले रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे

तिलक मार्ग और आसपास की सड़कों पर डायवर्जन लागू होगा

दिल्ली-NCR से आने वालों के लिए अलर्ट

दिल्ली में 25 जनवरी की रात से 26 जनवरी दोपहर तक मालवाहक वाहनों की एंट्री नहीं होगी। इसमें ट्रक, पिकअप और अन्य कमर्शियल वाहन शामिल हैं। नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद से आने वाले वाहनों को भी दिल्ली बॉर्डर पर रोक दिया जाएगा।

Advertisement

नोएडा और बॉर्डर इलाकों में खास इंतजाम

दिल्ली से सटे गौतम बुद्ध नगर जिले में भी ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।

DND फ्लाईवे, कालिंदी कुंज और चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस तैनात रहेगी

इन बॉर्डर्स से आने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों पर मोड़ा जाएगा

यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली की ओर जाने वाले मालवाहक वाहन वैकल्पिक रूट से भेजे जाएंगे

मेट्रो से यात्रा बेहतर विकल्प

दिल्ली मेट्रो सर्विस सामान्य रूप से चलेंगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, सुरक्षा कारणों से कुछ मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग अस्थायी रूप से बंद की जा सकती है।

Advertisement

पुलिस की जनता से अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सड़कों पर वाहन खड़ा न करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। इससे जाम की समस्या कम होगी और आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हो सकेगा।