नयी दिल्ली। देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो की तरफ से एक बड़ी खुशखबरी आई है। रिलायंस जियो 5,000 रुपये से कम कीमत में 5जी स्मार्टफोन लॉन्च करने की योजना बना रही है। जब इस स्मार्टफोन का संचालन बढ़ेगा तो धीरे-धीरे इसकी कीमत घटाकर 2,500-3,000 रुपये प्रति यूनिट कर दी जाएगी। इस समय भारत में 5 जी स्मार्टफोन की शुरुआती कीमत 27,000 रुपये है। मगर जियो 5 जी स्मार्टफोन की शुरुआत ही 5,000 रुपये से कम कीमत पर करना चाहती है।
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार जियो इस 5 जी स्मार्टफोन के जरिए उन 20 से 30 करोड़ मोबाइल फोन उपयोगकर्ताओं को टार्गेट करेगी जो वर्तमान में 2जी कनेक्शन का उपयोग करते हैं। जियो वो पहली कंपनी थी जिसने भारत में उपभोक्ताओं के लिए फ्री में 4जी मोबाइल फोन लॉन्च किया था। ग्राहकों को जियो फोन के लिए 1,500 रुपये का रिफंडेबल डिपॉजिट देना था। रिलायंस की 43वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में इसके अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने भारत को "2जी-मुक्त" (2G कनेक्शनों से मुक्त) बनाने और 35 करोड़ भारतीयों (वर्तमान में 2जी फीचर फोन का उपयोग करने वाले) के अपग्रेडेशन में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया था। वे इन लोगों को ऐसे समय जब भारत 5 जी युग के दरवाजे पर खड़ा है, किफायती स्मार्टफोन देना चाहते हैं।
अंबानी ने उसी एजीएम में 7.7 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए गूगल द्वारा 33,737 करोड़ रुपये के निवेश की भी घोषणा की थी और कहा था कि जियो एंड्रॉयड आधारित स्मार्टफोन ऑपरेटिंग सिस्टम बनाने के लिए अमेरिकी तकनीकी दिग्गज के साथ साझेदारी करेगी। कंपनी अपने खुद के 5जी नेटवर्क उपकरण पर भी काम कर रही है और इसके लिए दूरसंचार विभाग से इन प्रोडक्ट्स के निर्यात से पहले टेस्टिंग के लिए स्पेक्ट्रम आवंटित करने के लिए कहा है। सरकार ने फिलहाल रिलायंस जियो के इस अनुरोध पर कोई फैसला नहीं लिया है।
वर्तमान में भारत में 5जी सेवाएं नहीं हैं और सरकार ने फील्ड परीक्षण के लिए दूरसंचार ऑपरेटरों को स्पेक्ट्रम तक आवंटित नहीं किया है। कुछ समय पहले खबर आई थी कि कंपनी इस बार स्मार्टफोन मार्केट में ला सकती है। इससे जियो का सीधा मुकाबला वीवो, ओप्पो जैसी कंपनियों से होने की बात कही गई थी। गूगल के साथ हाल ही में की गयी पार्टनरशिप के जरिए जियो ऑर्बिक स्मार्टफोन सीरीज को एक बार फिर मार्केट में लाने का प्लान बना रही है।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान