नयी दिल्ली। रिलायंस के दमदार प्रदर्शन के चलते एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी अब दुनिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए कई गई डील के जरिए रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर नई बुलंदियों पर पहुंच गया, जिससे मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 64.5 अरब डॉलर हो गई है। Bloomberg Billionaires Index के अनुसार अंबानी दुनिया के 10 सबसे अमीर व्यक्तियों में इकलौते एशियाई हैं। उन्होंने ओरेकल कार्पोरेशन के लैरी एलिसन और फ्रांस की फ्रैंकॉयस बेटेनकोर्ट मेयर्स, जो दुनिया की सबसे धनी महिला हैं, को पछाड़ दिया और टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इतना ही जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए किए गए सौदों से रिलायंस ने कर्ज मुक्त होने के अपने लक्ष्य को मार्च 2021 से पहले ही पूरा कर लिया है। रिलायंस में अंबानी की 42 फीसदी हिस्सेदारी है।

Advertisement

कौन-कौन है टॉप 10 में शामिल

1 - जेफ बेजोस : 160 अरब डॉलर
2 - बिल गेट्स : 112 अरब डॉलर
3 - मार्क जुकरबर्ग : 90.6 अरब डॉलर
4 - बर्नार्ड अरनॉल्ट : 87.4 अरब डॉलर
5 - वॉरेन बफेट : 71.5 अरब डॉलर
6 - स्टीव बॉलमेर : 70.5 अरब डॉलर
7 - लैरी पेज : 68.1 अरब डॉलर
8 - सर्जे ब्रिन : 66 अरब डॉलर
9 - मुकेश अंबानी : 64.5 अरब डॉलर
10 - फ्रैंकॉयस बेटेनकोर्ट मेयर्स : 62 अरब डॉलर

रिलायंस की मार्केट कैपिटल बढ़ी

रिलायंस इंडस्ट्रीज 11 लाख करोड़ रुपये की मार्केट वाली देश की पहली कंपनी बन गई है। ये इस लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी है। शुक्रवार को रिलायंस का शेयर 103.25 रुपये या 6.23 फीसदी की तेजी के साथ 1759.50 रु बंद हुआ। इस स्तर पर कंपनी की मार्केट कैपिटल 11,15,418.03 करोड़ रुपये है। इस कामयाबी के भी पीछे रिलायंस की जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए की गई डील है। बीते गुरुवार को कंपनी ने जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए नई डील सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमें फंड (पीआईएफ) के साथ की है। पीआईएफ 2.32 हिस्सेदारी खरीदने के लिए जियो प्लेटफॉर्म्स में 11,367 करोड़ रु का निवेश करेगा। इसके साथ ही रिलायंस ने जियो प्लेटफॉर्म की कुल 24.7 फीसदी हिस्सेदारी बेच कर 115,693.95 करोड़ रु जुटा लिए हैं।

अब तक किस किस से हुई हैं डील

इससे पहले जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए रिलायंस ने फेसबुक, केकेआर, विस्टा इक्विटी पार्टनर्स, अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, मुबादला और जनरल अटलांटिक के साथ सौदे किए हैं। सबसे पहले अप्रैल में फेसबुक ने ऐलान किया था कि वह जियो प्लेटफॉर्म्स में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी के लिए 5.7 अरब डॉलर (43,573.62 करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। इसके बाद सिल्वर लेक ने कंपनी में 75 करोड़ डॉलर का निवेश किया। फिर नंबर आया विस्टा इक्विटी का जिसने जियो प्लेटफॉर्म्स में 1.5 अरब डॉलर निवेश किया। 17 मई को जनरल अटलांटिक ने 87 करोड़ डॉलर जियो प्लेटफॉर्म्स में निवेश करने का ऐलान किया था।
इसके बाद 22 मई को केकेआर ने जियो प्लेटफॉर्म्स में 2.32 फीसदी हिस्सेदारी 11,367 करोड़ रुपये में लेने का ऐलान किया था। इसके बाद 5 जून को अबू धाबी की सरकारी निवेशक मुबादला इनवेस्टमेंट कंपनी ने कहा कि वह रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स में 9,093.60 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इसके बाद 7 जून को अबू धाबी के सरकारी वेल्थ फंड अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी ने जियो प्लेटफॉर्म्स में 5,683.50 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की।