नयी दिल्ली। रेल मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा, भारत की दूसरी निजी ट्रेन, अहमदाबाद-मुंबई तेजस एक्सप्रेस, 19 जनवरी को कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करेगी। भारतीय रेल की सब्सिडरी आईआरसीटीसी द्वारा संचालित ट्रेन का उद्घाटन शुक्रवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल द्वारा किया जाएगा। पिछले साल अक्टूबर में नई दिल्ली और लखनऊ के बीच आईआरसीटीसी द्वारा पहली तेजस ट्रेन शुरू की गयी थी। रेल मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि ट्रेन में यात्रियों के लिए "अत्याधुनिक सुविधाएं" होंगी। सभी यात्रियों को आईआरसीटीसी द्वारा मुफ्त में 25 लाख रुपये तक का रेल यात्रा बीमा दिया जाएगा।

Advertisement

ये है रेलवे का एजेंडा
यात्री सेवाओं में सुधार लाने के लिए निजी ट्रेन ऑपरेटरों को लाना रेलवे का एक प्रस्ताव था, जिसे रेलवे ने अपने 100-दिवसीय एजेंडे में कुछ गाड़ियों को निजी ऑपरेटरों को सौंपने के लिए शामिल किया था। भारतीय रेलवे ने निजी ऑपरेटरों द्वारा 150 ट्रेनों के संचालन के लिए 100 रूटों की पहचान की है। सरकार थिंक टैंक नीती आयोग ने इस महीने की शुरुआत में इन ट्रेनों को चलाने के लिए एक मसौदा प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें 22,500 करोड़ रुपये के निवेश के अवसर का संकेत दिया गया था।

Advertisement

यात्रियों को होगा फायदा
बता दें कि रेल मंत्री पीयूष गोयल ने पहले कहा था कि रेलवे को चलाने के लिए अगले 12 साल में करीब 50 लाख करोड़ रुपये की पूँजी सरकार के लिए अकेले दम पर जुटाना संभव नहीं इसलिए ट्रेनों को प्राइवेट हाथों में सौंपा जायेगा। उन्होंने संसद में कहा था कि हमारा मकसद यात्रियों को बेहतर सेवा और फायदा देना है, न कि रेलवे का निजीकरण करना।

Advertisement

यह भी पढ़ें - अर्थव्यवस्था के लिए एक और बुरी खबर, लगातार पांचवे महीने घटा एक्सपोर्ट