नयी दिल्ली। अगर आपने भी पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजना में निवेश कर रखा है तो आपके लिए एक बुरी खबर है। बजट के बाद पोस्ट ऑफिस आपको एक झटका देने की तैयारी में है। आने वाले समय में पोस्ट ऑफिस अपनी बचत योजनाओं पर मिलने वाली ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। इस बात के संकेत खुद वित्त मंत्रालय की तरफ से दिये गये हैं। सरकार पोस्ट ऑफिस की जिन बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में कटौती कर सकती है उनमें आवर्ती जमा (आरडी), पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ), सुकन्या समृद्धि योजना (एसएसवाई) और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (एससीएसएस) शामिल है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वित्त मंत्रालय तिमाही आधार पर इन छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों की समीक्षा और बदलाव करता है। मौजूदा तिमाही के लिए सरकार ने पीपीएफ, एनएससी और एसएसवाई सहित किसी भी छोटी बचत योजना की ब्याज दरों में कटौती नहीं की थी। हालांकि बैंकों ने अपनी ब्याज दरों में कटौती की।
एक अनुमान के मुताबिक सरकार का छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में कटौती करने का फैसला बैंकों के दबाव के चलते लिया जा सकता है। क्योंकि इस समय एक साल की मैच्योरिटी अवधि पर नजर डालें तो बैंकों की ब्याज दर और पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं में करीब 1 फीसदी का बड़ा फर्क है। बता दें कि पीटीआई ने आर्थिक मामलों के सचिव अतानु चक्रबर्ती के हवाले से बताया है कि अप्रैल-जून तिमाही में पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं पर बाजार में मौजूदा दरों के हिसाब से ही संशोधन किया जायेगा।
चक्रबर्ती के अनुसार बैंकरों की यह शिकायत है कि छोटी बचत योजनाओं पर ज्यादा ब्याज दरों के चलते उनके लिए जमा दरों में कटौती करना मुश्किल हो रहा है। बैंकों को डर रहता है कि यदि उन्होंने जमा ब्याज दर घटाई तो उनकी जमा पर असर पड़ सकता है और उसमें गिरावट संभव है। चक्रबर्ती ने बताया कि बेशक सरकार इन छोटी बचत योजनाओं पर निर्भर नहीं है, मगर सरकार का इन योजनाओं को खत्म करने का कोई इरादा नहीं है, क्योंकि आम लोग इनका इस्तेमाल करते हैं। वैसे सरकार को भी इन योजनाओं के जरिये कुछ राशि मिलती है।
इस समय देश में चल रही छोटी बचत योजनाओं में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये जमा हैं। वहीं लगभग बैंकों में इस समय करीब 114 लाख करोड़ रुपये जमा हैं। पोस्ट ऑफिस बचत खाता किसी भी व्यक्ति द्वारा 500 रुपये की न्यूनतम शेष राशि के साथ खोला जा सकता है। इनमें व्यक्तिगत या संयुक्त खातों पर 4 फीसदी वार्षिक ब्याज मिलता है। वहीं राष्ट्रीय बचत आवर्ती जमा यानी आरडी खाता बैंक या पोस्ट ऑफिस में खुलवाया जा सकता है। पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता 5 साल के लिए खोला जा सकता है। इस पर आपको तिमाही आधार पर 7.2 फीसदी प्रति वर्ष का ब्याज मिलता है।
यह भी पढ़ें - इस बैंक में मिल रहा है सबसे सस्ता पर्सनल लोन, उठाएं लाभ
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान