नयी दिल्ली। आज पीएम मोदी ने एक बार फिर से देश को संबोधित किया। कोरोना संकट के बीच मार्च से देश के नाम उनका ये चौथा संबोधन रहा। आज उन्होंने दो बड़ी घोषणाओं के साथ ही देशवासियों से स्वदेशी यानी लोकल चीजों की खरीदारी करने पर जोर दिया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत 20 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज का ऐलान किया और लॉकडाउन के चौथे चरण की भी घोषणा की। स्थानीय चीजों के इस्तेमाल पर प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकल उत्पादन ने इस संकट के दौरान भारत की मदद की है। संकट ने हमें सिखाया है कि लोकल ही हमारी मदद करने जा रहे हैं। इसलिए हमें लोकल के लिए मुखर (Vocal for Local) होना चाहिए। पीएम ने लोकल वस्तुओं की खरीदारी पर जोर देने के साथ ही इसका प्रचार करने को भी कहा।

Advertisement

खादी को दें बढ़ावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से खादी जैसे स्थानीय उत्पादों को खरीदने और समर्थन करने का भी आग्रह किया। पीएम ने कहा कि हमने पहले भी खादी को बढ़ावा देने का प्रयास किया और इसमें कामयाबी भी मिली। पीएम ने कहा कि मुझे याद करते हुए गर्व हो रहा है कि मैंने नागरिकों से खादी खरीदने और हथकरघा श्रमिकों का समर्थन करने के लिए कहा था। कुछ ही समय में मांग और बिक्री ने रिकॉर्ड स्तर को छू लिया था। खादी आपके कारण एक बड़ा ब्रांड बन गया और हमें अच्छे और प्रभावी परिणाम मिले। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कोरोना संकट ने हमें स्थानीय व्यापारियों, शिल्पकारों और ब्रांडों के महत्व का एहसास कराया है।

राहत पैकेज और लॉकडाउन
पीएम मोदी ने 20 लाख करोड़ रुपये के विशेष आर्थिक पैकेज का ऐलान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये आर्थिक पैकेज आत्मनिर्भर भारत अभियान की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा। पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए लॉकडाउन के चौथे चरण का भी ऐलान किया है। पीएम ने कहा कि लॉकडाउन का चौथा चरण पूरी तरह से नए रंगरूप, नियम वाला होगा। लॉकडाउन के चौथे चरण के बारे में विस्तार से जानकारी 18 मई से पहले दी जाएगी।

Advertisement