PM Dhan-Dhanya Krishi Yojana 2025: किसानों के लिए आज का दिन अहम हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना' (PM Dhan-Dhanya Krishi Yojana 2025) को बुधवार को कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति मिल सकती है. यह योजना विशेष रूप से उन जिलों के लिए है जहाँ कृषि उपज कम होती है. इससे देश के 1.7 करोड़ छोटे और सीमांत किसानों को सीधा फायदा मिलने की संभावना है. सरकार का दावा है कि यह योजना कृषि को आधुनिक बनाएगी और किसानों की इनकम में बढ़ोतरी करने में सहायक होगी.

Advertisement

क्या है पीएम धन धान्य कृषि योजना?

इस योजना का ऐलान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 के दौरान की थी. इसका उद्देश्य कृषि में नई तकनीक को बढ़ावा देना, एक समान फसलें उगाने की बजाय फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना, जलवायु के अनुसार खेती को बढ़ावा देना और ग्राम स्तर पर भंडारण, सिंचाई और लोन की सुविधा को मजबूत करना है.

Advertisement

सरकार ने इस योजना के लिए 1.37 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. यह धनराशि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर खर्च करेंगी, ताकि कृषि संरचना को पंचायत और ब्लॉक स्तर पर सुदृढ़ किया जा सके.

कितने जिलों में लागू होगी योजना?

सरकार पीएम धन धान्य योजना (PM Dhan Dhanya Yojana) को देश के 100 जिलों में लागू करेगी. ये वे जिले होंगे जहाँ कृषि उत्पादन औसतन कम है. इन क्षेत्रों में सरकार, राज्य सरकारों के साथ मिलकर कृषि उत्पादन बढ़ाने की नीतियाँ बनाएगी, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके.

Advertisement

इस योजना का मुख्य ध्यान एक हेक्टेयर या उससे कम भूमि वाले किसानों पर है. अर्थात् छोटे और सीमांत किसान इसके प्राथमिक लाभार्थी होंगे. योजना में महिला किसानों को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा, जिससे अधिक महिलाएं कृषि की ओर आकर्षित हों.

किसानों को क्या-क्या फायदे मिलेंगे?

पीएम धन धान्य कृषि योजना (PM Dhan-Dhanya Krishi Yojana) के अंतर्गत किसानों को कई प्रकार के फायदे मिलेंगे. इस योजना के तहत किसानों को कृषि से संबंधित कई सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि उनकी उपज और आय दोनों में बढ़त हो सके. योजना के तहत किसानों को कम कीमत पर अच्छी गुणवत्ता वाले बीज मिलेंगे और कृषि के लिए आवश्यक उर्वरक यानी खाद भी मुफ्त में दी जाएगी.

Advertisement

इसके अलावा सिंचाई के उपकरण जैसे पंप या ट्रैक्टर खरीदने पर सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाएगी. कृषि में नई तकनीकों के उपयोग के बारे में किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. फसल की कटाई के बाद उसे सुरक्षित रखने के लिए भंडारण की सुविधाएँ पंचायत और ब्लॉक स्तर पर तैयार की जाएंगी. इसके साथ ही, किसानों को कृषि के लिए आसानी से ऋण मिल सके. इसके लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म लोन की व्यवस्था भी की जाएगी.

Advertisement

पीएम धन धान्य कृषि योजना (PM Dhan-Dhanya Agriculture Scheme) को किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक टिकाऊ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. अगर इसे बुधवार को कैबिनेट से स्वीकृति मिल जाती है, तो यह देश के लाखों किसानों के लिए एक नई उम्मीद बन सकती है. खास तौर से उन जिलों में जहाँ कृषि अब तक पिछड़ी रही है, वहाँ के किसानों को इससे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है.