Nandini Milk Price Hike: आम लोगों की जेब पर फिर से झटका लगने वाला है। कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने आज गुरुवार को अपने ब्रैंड नंदिनी की दूध की कीमतों में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का ऐलान कर दिया है। राज्य के कोऑपरेशन मंत्री केएन राजन्ना ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक में नंदिनी दूध की कीमतों में 1 अप्रैल से लागू हो जाएंगी।

Advertisement

नंदिनी दूध की नई कीमतें (Nandini Milk Price)

इस ऐलान के बाद ब्लू पैकेट नंदिनी मिल्क की कीमत 44 रुपये से बढ़कर 48 रुपये हो गई है। इसके अलावा कर्नाटक टोन्ड मिल्क की कीमत 46 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 42 रुपये थी। गाय के दूध की कीमतों में भी 4 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब इसका रेट 50 रुपये हो गया है, जबकि पहले 46 रुपये था। होमोजीनाइज्ड दूध की कीमत अब बढ़ाकर 47 रुपये कर दी गई है, जो पहले 43 रुपये में बिक रहा था। इसके अलावा नंदिनी दही की कीमत में भी ₹ 4 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। नंदिनी दूध कर्नाटक के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर में भी उपलब्ध है।

Advertisement

शुभम दूध का दाम भी 48 रुपये से बढ़कर अब 52 रुपये कर दिया गया है। इतना ही नहीं, दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने के साथ-साथ कंपनी ने 50 रुपये वाले दही की कीमत भी बढ़ाकर 54 रुपये कर दी है।

कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने किसानों के लिए लिया फैसला

यह निर्णय किसानों और कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (केएमएफ) की ओर से लगातार बढ़ती लागत की भरपाई के लिए दूध की कीमतों में वृद्धि की मांग के बाद लिया गया है। दूध की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की मांग की गई थी। हालांकि, सरकार ने दूध की कीमतों में 4 रुपये की वृद्धि करने का फैसला किया है।

Advertisement

इस नई बढ़ोतरी से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। कर्नाटक मिल्क फेडरेशन और किसान संगठनों का कहना है कि दूध प्रोडक्शन की लागत बढ़ गई है, इसलिए कीमत बढ़ाना जरूरी था। वहीं, इस फैसले का असर सीधा आम लोगों की जेब पर पड़ेगा लेकिन सरकार का कहना है कि यह कदम किसानों के हित में उठाया गया है।

Advertisement

इससे पहले जून 2024 में बढ़ाया था दूध का रेट

इससे पहले 5 मार्च को कर्नाटक सरकार ने कहा था कि वह लोकप्रिय नंदिनी दूध की कीमत बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इस बढ़ोतरी से पहले साल 2024 में जून में भी कर्नाटक सरकार ने दूध की कीमत 2 रुपये बढ़ाई थी। साथ ही हर पैकेट में 500 मिलीलीटर दूध अतिरिक्त जोड़ा गया था।