Mumbai Airport: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (CSMIA) 20 नवंबर 2025 को कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद रहने वाला है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने अपने बयान और सोशल मीडिया अपडेट के जरिए जानकारी दी कि इस दिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कोई उड़ान न टेक-ऑफ करेगी और न ही लैंड कर पाएगी। यह शटडाउन हर साल होने वाले पोस्ट-मॉनसून मेंटेनेंस के तहत किया जाता है, जिससे एयरपोर्ट की सुरक्षा और रनवे की मजबूती सुनिश्चित हो सके।

Advertisement

क्यों की जाती है पोस्ट-मॉनसून जांच?

मुंबई में भारी बारिश के कारण रनवे और आसपास की तकनीकी व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से मानसून के बाद रनवे की गहराई से जांच, सतह की मरम्मत, लाइटिंग सिस्टम की टेस्टिंग और ड्रेनेज लाइन की सफाई की जाती है। एयरपोर्ट ऑपरेटर MIAL के मुताबिक, यह जांच अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का हिस्सा है और इसे टालना संभव नहीं होता। ऐसी प्रक्रिया से सालभर उड़ान संचालन सुरक्षित और सुचारू बना रहता है।

Advertisement

दोनों रनवे रहेंगे बंद

CSMIA में दो इंटरसेक्टिंग रनवे हैं 09/27 और 14/32। ये दोनों रोजाना करीब 950 फ्लाइट मूवमेंट संभालते हैं, जो इसे भारत का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक बनाता है। 20 नवंबर को दोनों रनवे एक साथ बंद रहेंगे, इसलिए एयरलाइंस अपनी उड़ानों को पहले ही रीशेड्यूल कर रही हैं।

पहले ही जारी किया जा चुका है NOTAM

एयरपोर्ट की ओर से इस बंदी के लिए NOTAM जारी कर दिया गया है। यह सूचना पायलटों और एयरलाइन स्टाफ को किसी भी अस्थाई बदलाव के बारे में पहले से बता देती है। NOTAM जारी होने के बाद एयरलाइंस ने अपने शेड्यूल एडजस्ट करने शुरू कर दिए हैं ताकि यात्रियों को कम परेशानी हो।

Advertisement

मेंटेनेंस में क्या-क्या होगा?

मेंटेनेंस के दौरान इन मुख्य कार्यों पर फोकस रहेगा:

रनवे की सतह की मरम्मत

ड्रेनेज सिस्टम की सफाई

रनवे मार्किंग की जांच

लाइटिंग और नेविगेशन सिस्टम की टेस्टिंग

सुरक्षा से जुड़े तकनीकी निरीक्षण

इन सभी प्रक्रियाओं का उद्देश्य उड़ानों की सुरक्षा और यात्रियों की परेशानी कम करना है।

यात्रियों को क्या करना चाहिए?

अगर आप 20 नवंबर को मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले हैं, तो अपनी एयरलाइन की ओर से मिलने वाले संदेशों और अपडेट पर नजर रखें। कई उड़ानें या तो सुबह जल्दी ऑपरेट होंगी या फिर शाम 5 बजे के बाद शेड्यूल की जाएंगी। यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।