LPG Price Today: आज 1 जुलाई की सुबह ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने बड़ी खुशखबरी दी है. इसके तहत महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर के दामों में कटौती करके आम आदमी को राहत दी है. OMCs ने मंगलवार से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम करीब 60 रुपए तक घटा दिए हैं. हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

Advertisement

एलपीजी सिलेंडर के नए रेट

नए रेट के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो का एलपीजी सिलेंडर अब 1723.50 रुपए की जगह 1665 रुपए में मिलेगा. यानी दिल्ली में सिलेंडर 58.50 रुपए सस्ता हुआ है. कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर आज से 1769 रुपए में मिलेगा, जबकि पहले यह 1826 रुपए में मिल रहा था. कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 57 रुपए घटाए गए हैं.

Advertisement

आर्थिक राजधानी मुंबई में अब इस सिलेंडर का रेट 1616 रुपए हो गया है, जबकि जून में यह 1674.50 रुपए था. इससे पहले मई में 1699 रुपए था. मुंबई में एलपीजी सिलेंडर के दाम में 58.50 रुपए की कटौती हुई है. चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1823.50 रुपए हो गई है, जोकि जून में 1881 रुपए थी.

बता दें कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती से रेस्टोरेंट, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फायदा होगा, क्योंकि कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से इन्हीं सेक्टर्स में होता है.

Advertisement

घरेलू सिलेंडर पर सब्सिडी

घरेलू सिलेंडर पर सरकार सीधे सब्सिडी देती है. उदाहरण के लिए उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थी को सिलेंडर 300 रुपए सस्ता मिलता है. उज्ज्वला योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान करना है, जिससे उन्हें स्वच्छ ईंधन मिल सके और वे धुएं से होने वाली बीमारियों से बच सकें.

2025-26 के बजट में सरकार ने एलपीजी सब्सिडी के लिए 11,100 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं. कॉमर्शियल सिलेंडर पर कोई सब्सिडी नहीं मिलती है, जिसके कारण इनकी कीमत मार्केट वैल्यू पर निर्भर करती है और स्वाभाविक रूप से अधिक होती है.

Advertisement

विभिन्न शहरों में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के आज के रेट (इंडियन ऑयल)

शहर रेट (₹ में)
दिल्ली 853.00
गुरुग्राम 861.5
अहमदाबाद 860
जयपुर 856.5
पटना 942.5
आगरा 865.5
मेरठ 860
गाजियाबाद 850.5
इंदौर 881
भोपाल 858.5
लुधियाना 880
वाराणसी 916.5
लखनऊ 890.5
मुंबई 852.50
पुणे 856
हैदराबाद 905
बेंगलुरू 855.5