नयी दिल्ली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संपत्ति 1 साल में 36 लाख रु बढ़ी है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को सौंपी गई ताजा संपत्ति की घोषणाओं से पता चला है कि पिछले साल की तुलना में पीएम नरेंद्र मोदी की कुल संपत्ति में बढ़ोतरी हुई है, जबकि गृह मंत्री अमित शाह की संपत्ति घटी है। पीएम मोदी की तरफ से की गई घोषणा के अनुसार इस साल 30 जून तक उनकी कुल संपत्ति 2.85 करोड़ रुपये थी, जो पिछले साल के 2.49 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 36 लाख रुपये थी। उनकी संपत्ति पिछले एक साल के दौरान लगभग 3.3 लाख रुपये की बैंक जमा और 33 लाख रुपये के सेफ निवेश पर रिटर्न के कारण बढ़ी है। आइए जानते हैं कहां किया हुआ है पीएम मोदी ने निवेश।

Advertisement

यहां-यहां लगा है पीएम ने पैसा

जून 2020 तक पीएम मोदी के पास नकदी के रूप में केवल 31,450 रुपये थे, जबकि एसबीआई गांधीनगर एनएससी शाखा में उनका 3,38,173 रुपये का बैंक बैलेंस था। उनके पास उसी शाखा में बैंक एफडीआर (Fixed Deposit Receipt) और एमओडी (Multi Option Deposit) बैलेस 1,60,28,939 रुपये का था। पीएम मोदी के पास 8,43,124 रुपये के राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी), 1,50,957 रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी और 20,000 रुपये के टैक्स सेविंग्स इन्फ्रा बॉन्ड भी हैं। उनके द्वारा घोषित की गई संपत्ति 1.75 करोड़ रुपये से थोड़ी अधिक है।

न कोई लोन न कोई गाड़ी

प्रधानमंत्री ने कोई लोन नहीं लिया है और उनके नाम पर कोई पर्सनल वाहन भी नहीं है। उनके पास सोने की चार अंगूठियां हैं, जिनका वजन लगभग 45 ग्राम है और इनकी कीमत 1.5 लाख रुपये है। पीएम मोदी की घोषणाओं से यह भी पता चला है कि वह संयुक्त रूप से गांधीनगर के सेक्टर-1 में एक प्लॉट का मालिक है, जो 3,531 वर्ग फीट का है। घोषणा के अंत में पीएम मोदी ने बताया है कि गांधीनगर के इस प्लॉट के तीन अन्य संयुक्त मालिक भीं है। यानी प्लॉक के कुल चार मालिकों की इसमें प्रत्येक के पास 25 प्रतिशत बराबर हिस्सेदारी है।

गृह मंत्री अमित शाह की कितनी संपत्ति घटी

जून 2020 तक शाह के पास शुद्ध संपत्ति 28.63 करोड़ रुपये की थी, जबकि पिछले साल ये 32.3 करोड़ रुपये थी। शाह के पास 10 अचल संपत्तियां हैं और ये सभी गुजरात में हैं। पीएमओ की घोषणाओं के अनुसार उनके स्वामित्व वाली संपत्ति और उनकी मां से साझा विरासत 13.56 करोड़ रुपये की है। अमित शाह के पास नकदी के रूप में 15,814 रुपये, बैंक बैलेंस और बीमा में 1.04 करोड़ रुपये, 13.47 लाख रुपये की पेंशन नीतियां, एफडी योजनाओं में 2.79 लाख रुपये और 44.47 लाख रुपये की ज्वेलरी है।

क्यों कम हुई अमित शाह की संपत्ति

इस साल शाह की संपत्ति उनके द्वारा रखी गई प्रतिभूतियों की बाजार वैल्यू में गिरावट के कारण घटी। उन्होंने विरासत में मिली प्रतिभूतियों की कीमत 12.10 करोड़ रुपये और स्वामित्व वाली प्रतिभूतियों की 1.4 करोड़ रुपये घोषित की है। इस साल 31 मार्च तक उनका कुल मूल्य 13.5 करोड़ रुपये था, जो पिछले साल की 17.9 करोड़ रुपये की घोषणा से कम है।