Infosys Q3 Results : इंफोसिस ने अपने अक्टूबर-दिसंबर 2022 की तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। दिसंबर तिमाही में कंपनी की इनकम पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 20.2 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 38,318 करोड़ रुपये रही। इसी तिमाही के लिए कंपनी का मुनाफा साल दर साल आधार पर 13.4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 6,586 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी की इनकम और मुनाफा दोनों जानकारों के अनुमान से बेहतर रहा। इसकी इनकम के लिए 37,965 करोड़ रुपये और मुनाफे के लिए 6,550 करोड़ रुपये का अनुमान था।

Advertisement

कॉन्सटेंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस
बेंगलुरु स्थित सॉफ्टवेयर प्रमुख कंपनी इंफोसिस ने चालू वित्त वर्ष 2022-23 के लिए अपनी कॉन्सटेंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस को 15-16 फीसदी से बढ़ा कर 16-16.5 फीसदी कर दिया। हालांकि अधिकतर जानकारों ने उम्मीद की थी कि कंपनी अपने रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस को बनाए रखेगी। हालाँकि इंफोसिस ने 2022-23 के लिए अपने ऑपरेटिंग मार्जिन गाइडेंस को 21-22 फीसदी पर बनाए रखा।

Advertisement

3.3 अरब डॉलर की डील
आईटी सेक्टर के लिए कमजोर मानी जाने वाली तिमाही के बावजूद, इंफोसिस ने दिसंबर तिमाही में 3.3 अरब डॉलर की डील हासिल की, जो पिछली आठ तिमाहियों में सबसे अधिक है। इंफोसिस के सीईओ और एमडी सलिल पारेख ने कहा कि तिमाही में कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ मजबूत रही, क्योंकि डिजिटल बिजनेस और कोर सर्विसेज दोनों में वृद्धि हुई।

Advertisement

कॉन्स्टेंट करेंसी ग्रोथ
डिजिटल बिजनेस इनकम के लिए कॉन्स्टेंट करेंसी ग्रोथ साल दर साल आधार पर 21.7 फीसदी रही और दिसंबर तिमाही में कुल रेवेन्यू का 62.9 फीसदी डिजिटल का रहा, जो कि एक साल पहले 58.5 फीसदी था। तीसरी तिमाही में इंफोसिस के लिए फाइनेंशियल सर्विसेज की ग्रोथ सबसे धीमी रही। ये ग्रोथ सिर्फ 2.2 फीसदी रही। एनर्जी एंड यूटिलिटीज और मैन्युफैक्चरिंग वर्टिकल में क्रमशः 21 फीसदी और 29 फीसदी की मजबूत सेल्स ग्रोथ दर्ज की गयी। अलग-अलग क्षेत्रों के लिहाज से उत्तरी अमेरिका और यूरोप दोनों लोकेशनों पर पिछली तिमाही में कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया। उत्तरी अमेरिका में इनकम ग्रोथ 10 फीसदी और यूरोप के लिए 13.6 फीसदी थी। तीसरी तिमाही में इंफोसिस ने 50 मिलियन डॉलर बास्केट में 2 क्लाइंट शामिल किए और 10 मिलियन डॉलर बास्केट में लगभग 13 क्लाइंट जोड़े। इंफोसिस ने दिसंबर तिमाही में 1,627 कर्मचारियों को जोड़ा जब इसकी प्रतिद्वंद्वी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने इस मामले में गिरावट देखी। 31 दिसंबर तक इंफोसिस कुल कर्मचारियों की संख्या 346,845 रही।