IndiGo Flight Cancellation Refunds Update: देश में हवाई सेवा देने वाली सबसे बड़ी कंपनी इंडिगो के फ्लाइट्स कैंसिलेशन को लेकर मचे बवाल के बीच अब एयरलाइन ने बड़ी घोषणा की है। इंडिगो ने हाल ही में रद्द हुई उड़ानों के कारण परेशानी झेलने वाले यात्रियों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।

Advertisement

इंडिगो ने फ्लाइट्स कैंसिल होने से परेशानी यात्रियों को 10,000 रुपये तक का ट्रैवल वाउचर देने का ऐलान किया है। यानी एयरलाइन अब ऐसे यात्रियों को 10,000 रुपये तक के ट्रैवल वाउचर देगी, जो हवाई अड्डों पर घंटों तक फंसे रहे और भीड़ के कारण दिक्कतें उठाईं हो। कंपनी ने कहा है कि यह कदम उन ग्राहकों को राहत देगा जो गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे।

Advertisement

अगले 1 साल के लिए मान्य होंगे ये वाउचर

कंपनी ने कहा है कि ये वाउचर अगले 12 महीनों (1 साल) के भीतर इंडिगो की किसी भी फ्लाइट के टिकट के लिए इस्तेमाल किए जा सकेंगे। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यह सुविधा सरकार द्वारा अनिवार्य 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक के मुआवज़े से अलग होगी। सरकारी नियमों के तहत, निर्धारित प्रस्थान से 24 घंटे के भीतर रद्द हुई उड़ानों के लिए यह मुआवज़ा उड़ान के 'ब्लॉक टाइम' के आधार पर दिया जाता है।

Advertisement


इंडिगो ने मानी अपनी गलती

इंडिगो ने स्वीकार किया कि 3, 4 और 5 दिसंबर 2025 को यात्रा कर रहे कई यात्रियों को परिचालन व्यवधानों के कारण विभिन्न हवाई अड्डों पर घंटों तक रुकना पड़ा, जिससे उन्हें गंभीर असुविधा हुई। एयरलाइन ने यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय यात्रा अनुभव प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, साथ ही ग्राहकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।

Advertisement

इंडिगो ने जानकारी दी है कि ग्राहकों की देखभाल उसकी सर्वोपरि प्राथमिकता है। हाल ही में हुए परिचालन संबंधी व्यवधानों के बाद, एयरलाइन ने रद्द हुई उड़ानों के सभी आवश्यक रिफंड शुरू कर दिए हैं। कंपनी के अनुसार, अधिकांश ग्राहकों को रिफंड मिल चुका है, और बची हुई राशि भी जल्द ही उनके खातों में जमा होने की उम्मीद है।

रिफंड की प्रक्रिया शुरू

एयरलाइन ने बताया कि यदि किसी यात्री ने अपनी टिकट ट्रैवल पार्टनर प्लेटफॉर्म के माध्यम से बुक की थी, तो उनके रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हालांकि, कुछ यात्रियों को अभी तक रिफंड नहीं मिला है क्योंकि उनके पूरे विवरण सिस्टम में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे ग्राहकों से IndiGo ने तुरंत सहायता के लिए customer.experience@goindigo.in पर संपर्क करने की सलाह दी है।

Advertisement

सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने कहा कि एयरलाइंस ने अब तक कुल 610 करोड़ रुपये का रिफंड प्रोसेस किया है और देश भर में यात्रियों को 3000 बैगेज डिलीवर किए। मंत्रालय ने कहा कि सरकार के निर्देश पर इंडिगो ने रविवार शाम 8 बजे तक सभी यात्रियों के रिफंड प्रोसेस करने का लक्ष्य तय किया था और अब तक कुल 610 करोड़ रुपये की रिफंड जारी कर दिया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कैंसिल हुई उड़ानों के कारण यात्रा रीशेड्यूल पर किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और यात्रियों की मदद के लिए विशेष सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं।