Hyundai Motor India IPO Open Today: देश का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू आज 15 अक्टूबर से खुल गया है. ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनी हुंडई मोटर इंडिया का आईपीओ रिटेल निवेशकों के लिए खुल गया है. दक्षिण कोरियाई मूल की ऑटो कंपनी के इश्यू में निवेशक 17 अक्टूबर तक पैसा लगा सकते हैं. इसके लिए प्राइस बैंड 1865 से 1960 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है. दिग्गज ऑटो कंपनी आईपीओ के जरिए 27,870 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है. इश्यू को एंकर निवेशकों से भी जबरदस्त रिस्पांस मिला है. रिटेल निवेशकों के लिए खुलने से पहले प्री-आईपीओ में 225 एंकर निवेशकों ने 8,315 करोड़ रुपए का निवेश किया.

Advertisement

आज से खुलेगा IPO

हुंडई मोटर इंडिया का पब्लिक इश्यू मंगलवार से खुल गया है. यह साल 2003 में आए मारुति सुजुकी के आईपीओ के बाद पहली किसी ऑटो कंपनी का पब्लिक इश्यू है. आईपीओ में दक्षिण कोरियाई मूल की ऑटो कंपनी के प्रोमोटर्स ऑफर फॉर सेल यानी OFS में शेयरों की बिक्री करेंगे. इसके तहत 14.2 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे. बता दें कि इश्यू में नए शेयर जारी किए जाएंगे.

Advertisement

हुंडई मोटर इंडिया आईपीओ में रिटेल निवेशक कम से कम 1 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं, जिसमें 7 इक्विटी शेयर मिलेंगे. एक लॉट के लिए 13,720 रुपए का पेमेंट करना होगा. वहीं, रिटेल निवेशक अधिकतम 14 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं. इसमें निवेशकों 98 शेयरों के लिए 1,92,080 रुपए का पेमेंट करना होगा.

आईपीओ में कर्मचारियों को मिलेगी छूट

हुंडई मोटर इंडिया के आईपीओ में कर्मचारियों को डिस्काउंट मिलेगा. हुंडई मोटर इंडिया ने अपने कर्मचारियों के लिए खास तौर पर 7,78,400 इक्विटी शेयर अलग रखे हैं, जो उन्हें 186 रुपए कम की रियायती दर पर मिलेंगे. आईपीओ में आधा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (QIBs) के लिए, 15% हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों (NIIs) के लिए और अन्य 35% रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया है.

Advertisement

हुंडई मोटर इंडिया का बिजनेस

हुंडई मोटर इंडिया के पोर्टफोलियो में सेडान, हैचबैक, एसयूवी और बैटरी ईवी सहित 13 यात्री वाहन मॉडल्स शामिल हैं. यह मारुति सुजुकी के बाद देश में सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है. जून 2024 तिमाही के लिए कंपनी के बिक्री के आंकड़े 1.92 लाख यूनिट्स रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 1.83 लाख यूनिट्स के मुकाबले ज्यादा है. कंपनी FY2024 के लिए सालाना बिक्री का आंकड़ा भी 7.2 लाख से बढ़कर 7.77 लाख यूनिट हो गई.

Advertisement

देश का सबसे बड़ा आईपीओ

हुंडई मोटर इंडिया के आईपीओ को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है, क्योंकि यह 2022 में भारतीय जीवन बीमा निगम के 21,000 करोड़ रुपए के आईपीओ से भी बड़ा है. IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया), जेपी मॉर्गन इंडिया और मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी समेत अन्य मर्चेंट बैंकर बुक मैनेजर हैं.