नई द‍िल्‍ली: होंडा कार्स इंडिया ने अपनी बीएस-6 होंडा सिविक के डीजल वेरिएंट्स की प्री-लॉन्च बुकिंग्स लेनी शुरू कर दी है। बता दें 10वीं जनरेशन डीजल वेरिएंट होंडा सिविक की बिक्री जुलाई 2020 से शुरू हो जाएगी। पेट्रोल वर्जन होंडा सिविक भारतीय बाजार में मार्च 2019 में लॉन्च की गई थी। डीजल वर्जन सिविक में कंपनी 1.6 लीटर i-DTEC टर्बो इंजन देगी जो 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आएगी। वहीं, पेट्रोल वेरिएंट में कंपनी सिर्फ एक सीवीटी गियरबॉक्स ही दे रही है।

Advertisement

काफी सस्ते में करें बुकिंग

बता दें कि ग्राहक एचसीआईएल के ऑनलाइन सेल्‍स प्‍लेटफॉर्म होंडा फ्रॉम होम के माध्‍यम से घर में बैठकर इस सेडान को बुक कर सकते हैं। इसके अलावा देश में कंपनी के फिर खुल चुके ऑथराइज्‍ड डीलरशिप नेटवर्क पर भी बुकिंग की जा सकती है। म‍िली जानकारी के मुताब‍िक होंडा सिविक डीजल बीएस-6 को 25000 रुपये बुकिंग अमाउंट पर बुक किया जा सकता है। संभावना है कि सिविक डीजल बीएस-6 की कीमत बीएस-4 वेरिएंट के मुकाबले 80000 रुपये अधिक रह सकती है।

इंजन और पावर

होंडा सिविक डीजल बीएस-6 में 1.6 लीटर इंजन ही रहेगा और यह 119hp/300Nm का आउटपुट देगा। इसके साथ में 6 स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन मिलेगा। अनुमान है कि बीएस6 अपग्रेडेशन के साथ डीजल सिविक का माइलेज 23kmpl के आसपास रहेगा। अगर ऐसा हुआ तो सिविक अपनी श्रेणी में सबसे अधिक माइलेज देने वाली कार होगी। हालांकि यह माइलेज पुराने मॉडल के माइलेज के मुकाबले कम है। बीएस4 वेरिएंट में यह 26.8kmpl था। नई होंडा सिविक पेट्रोल वेरिएंट लॉन्‍च के समय से ही बीएस6 इंजन के साथ आ रहा है। कंपनी ने इसे मार्च 2019 में लॉन्‍च किया था। इसमें 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन है, जो 140hp पावर और 174Nm का टॉर्क जनरेट करता है. होंडा इसमें सीवीटी की पेशकश कर रही है।

इन मॉडल के नहीं आएंगे डीजल वेरिएंट
होंडा का कहना है कि वह सीआर-वी और Jazz को केवल पेट्रोल वेरिएंट के साथ ही आगे बढ़ाएगी। होंडा सीआर-वी पेट्रोल बीएस6 की बिक्री चालू है, वहीं होंडा Jazz बीएस6 अभी लॉन्च होनी है। कंपनी जल्द ही डब्‍लूआरवी-वी को भी लॉन्च करेगी। इसकी प्री लॉन्च बुकिंग भी शुरू हो चुकी हैं।

नई क्रेटा की बुकिंग 30000 के पार

वहीं दूसरी ओर हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने मंगलवार को बताया कि उसकी क्रेटा के नए वर्जन की बुकिंग 30,000 को पार कर चुकी है। कंपनी ने इसे इसी साल 16 मार्च को पेश किया था। कंपनी ने एक बयान में कहा कि मई में क्रेटा की बिक्री सबसे अच्छी रही है। वहीं 30,000 बुकिंग के साथ इसने एसयूवी सेगमेंट में अपनी धाक फिर से जमाई है। नई क्रेटा की टक्कर Kia Seltos, एमजी हेक्टर और टाटा हैरियर से है। कंपनी के सेल्स, मार्केटिंग और सर्विस निदेशक ने कहा कि क्रेटा के नए वर्जन में कई ऐसी बातें थी जो इससे पहले इस सेगमेंट की किसी कार में नहीं थी। इसलिए बाजार ने इसको हाथोंहाथ लिया। कोविड-19 संकट जैसे चुनौतीपूर्ण समय में भी क्रेटा की बुकिंग 30,000 इकाई को पार करना एक बड़ी उपलब्धि है। नई क्रेटा की कीमत 9.99 लाख से लेकर 17.20 लाख रुपये रुपये के बीच है। नई क्रेटा में 50 फीसदी से ज्यादा बुकिंग बीएस6 डीजल मॉडल के लिए हैं। इससे साफ पता चलता है कि ग्राहकों को भरोसा कंपनी की बीएस6 डीजल तकनीक पर बढ़ा है। नई क्रेटा पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्पों में उपलब्ध है। इसमें 1.5L पेट्रोल, 1.4L टर्बो पेट्रोल और 1.5L डीजल इंजन विकल्प शामिल हैं।