नयी दिल्ली। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक सोने का आयात, जो देश के चालू खाते घाटे को काफी प्रभावित करता है, 2020 में अप्रैल से नवंबर तक 8 महीनों के दौरान 40 फीसदी गिर कर 12.3 बिलियन डॉलर रह गया। सोने के आयात में इतनी भारी गिरावट कोरोना महामारी के बीच मांग में कमी और सोने की उच्च कीमतों के कारण आई है। पिछले साल इसी अवधि में भारत में सोने का आयात 20.6 अरब डॉलर का रहा था। हालांकि नवंबर में सोने के आयात में बढ़ोतरी दर्ज की गई। साल दर साल आधार पर नवंबर में सोने का आयात 2.65 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस साल अप्रैल-नवंबर के दौरान सोने के साथ-साथ चांदी का आयात भी घटा है। इन 8 महीनों में चांदी का आयात 65.7 फीसदी गिर कर 75.2 करोड़ डॉलर रह गया। भारत सोने का सबसे बड़ा आयातक है। देश में मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए सोने का आयात है। मात्रा के लिहाज से देखें तो देश में सालाना 800-900 टन सोने का आयात होता है।
सोने और चांदी के आयात में गिरावट से देश के व्यापार घाटे (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) को अप्रैल-नवंबर 2020-21 के दौरान घटाने में मदद मिली। इस साल अप्रैल-नवंबर में भारत का व्यापार घाटा गिर कर 42 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 113.42 अरब डॉलर रहा था। चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीनों के दौरान रत्न और आभूषण निर्यात 44 प्रतिशत घट कर 14.30 अरब डॉलर रहा।
नवंबर में भारत में सोने का आयात बढ़ा है, जिससे वित्त वर्ष में अब तक कुल मिला कर आयात में गिरावट कम हुई है। वरना अक्टूबर तक ये गिरावट 47 फीसदी थी। 2020 में अप्रैल-अक्टूबर के दौरान भारत में सोने के आयात में 47.42 फीसदी की गिरावट आई। पिछले साल इसी अवधि में भारत में 17.64 अरब डॉलर के सोने का आयात हुआ था, जो इस साल समान अवधि में गिर कर 9.28 अरब डॉलर रह गया था। वहीं पहले 6 महीनों (अप्रैल-सितंबर) में सोने का आयात 57 फीसदी गिर कर 6.8 अरब डॉलर रह गया था।
सोमवार को सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली। आज सोना प्रति 10 ग्राम 50000 रु के ऊपर पहुंच गया। आज सोने की कीमत 50775 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला। चांदी का भाव एक साथ 3266 रु उछल कर 69785 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। अगस्त में सोने का रेट अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद इसके रेट कम हुए हैं।
इस साल गोल्ड में निवेश एक अच्छा विकल्प रहा है। सोने ने इस साल काफी अच्छा रिटर्न दिया है। 2021 में भी ये और ऊपर जा सकता है। आप सोने में 4 तरीकों से निवेश कर सकते हैं। इनमें ईटीएफ, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड, गोल्ड म्यूचुअल फंड और डिजिटल गोल्ड शामिल है।
More Articles
- ITR डेडलाइन: रिफंड अटकने से बचाना है तो अभी चेक करें AIS और TIS, वरना होगी परेशानी
- Redington Share Price: शानदार नतीजों के दम पर 10% उछला शेयर, खरीदारी का सही समय?
- Nifty 25,000 की ओर या आएगा Correction? Banking, NBFC और IT Sector पर Expert की बड़ी राय
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका