नयी दिल्ली। अकसर ऐसा होता है कि आपके घर का गैस सिलेंडर खत्म नहीं होता, मगर आपको समय होने जाने पर नया सिलेंडर मंगवाना पड़ता है। आपको पैसे भी पूरे सिलेंडर के हिसाब से चुकाने होते हैं। फिर चाहे आपकी जरूरत पूरे सिलेंडर की हो या न हो। मगर बहुत जल्द इस नियम में बदलाव हो सकता है। सरकार जल्दी ही लोगों की सुविधा के लिए इस नियम को बदल सकती है। नए नियम जनता की सुविधा और कम खर्चीले होंगे। आइये जानते हैं पूरी बात।

Advertisement

क्या होगा नया नियम

लोगों को राहत देने के लिए सरकार की तरफ से बहुत जल्द गैस सिलेंडर से जुड़े नियमों में बदलाव किया जा सकता है। नए नियमों में यह ऑप्शन दिया जाएगा कि आपको अपनी जरूरत के हिसाब से एलपीजी खरीदने की सुविधा मिलेगी। अगर आपको पूरे 14 किलो के एलपीजी सिलेंडर की जरूरत न हो तो आपको पूरा सिलेंडर नहीं खरीदना होगा। न ही पूरे सिलेंडर के लिए पेमेंट करना होगा। आप अपनी जरूरत के मुताबिक एलपीजी खरीद सकेंगे। सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक पेट्रोलियम मंत्रालय ग्रामीण और छोटे शहरों की जनता के मद्देनजर मार्केटिंग रिफॉर्म की तेजी लाने पर ध्यान दे रहा है। इसके लिए सरकारी कंपनियों को निर्देश भी दिए गए हैं। एक अनुमान के मुताबिक नए नियम से 8 करोड़ से अधिक पीएम उज्जवला योजना लाभार्थियों को फायदा मिलेगा।

वैन के जरिए मिलेगी सर्विस

ऐसी भी रिपोर्ट्स हैं कि नयी फैसिलिटी में मोबाइल एलपीजी वैन के जरिए आप तक सुविधा पहुंचाई जाएगी। कोई भी व्यक्ति जितनी एलपीजी लेगा उसी हिसाब से एलपीजी दी जाएगी। इसमें सहूलियत ये भी है कि आप 80-100 रु की गैस भी खरीद सकेंगे। आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2020-21 के लिए सरकार की तरफ से करीब 37,000 करोड़ रुपए बतौर सिलेंडर सब्सिडी आवंटित किए गए हैं। ऐसा माना जा रहा है नए नियमों से सरकार को सब्सिडी पर कम खर्च करना होगा।

महंगा हो गया सिलेंडर

जुलाई में लगातार दूसरे महीने गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। 1 जुलाई से दिल्ली में सिलेंडर 1 रु महंगा किया गया, जिससे इसकी कीमत अब 594 रुपये हो गई है। कोलकाता में 4.5 रु महंगा होकर ये 620.50 रु पर पहुंच गया है। मुम्बई में गैस सिलेंडर पर 3.5 रुपये बढ़े हैं और अब शहर में इसकी कीमत 594 रुपये हो गई है। चेन्नई में गैस सिलेंडर का नये रेट में 4 रुपये बढ़ाए गए हैं। चेन्नई में गैस सिलेंडर की कीमत 610.50 रुपये कर दी गई है। दिल्ली में इससे पहले जून में 14.2 किलोग्राम वाले नॉन-सब्सिडाइज्‍ड सिलेंडर की कीमतों में 11.50 रुपये की वृद्धि की गई थी। जबकि उससे पहले मई में यह 162.50 रुपये तक सस्ता हुआ था।