नयी दिल्ली। फॉर्च्यून इंडिया-500 लिस्ट में इंडियन ऑयल को पीछे छोड़ कर रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे बड़ी कंपनी बन गयी है। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इंडियन ऑयल की 10 साल की बादशाहत खत्म कर दी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज को फॉर्च्यून इंडिया-500 लिस्ट की में टॉप पर पहुँचने के लिए अपने टेलीकॉम और संगठित रिटेल कारोबार से काफी मदद मिली। वित्तीय आँकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2018-19 में रिलायंस इंडस्ट्रीज की आमदनी 41.5 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 5.81 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि इंडियन ऑयल की आमदनी 5.36 लाख करोड़ रुपये रही थी। पिछले वित्त वर्ष में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मुनाफा भी इंडियन ऑयल के मुकाबले दोगुने से अधिक 39,588 करोड़ रुपये रहा था। पिछले 10 सालों की बात करें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज का मुनाफा इंडियन ऑयल की तुलना में औसतन तीन गुने से अधिक रहा है। वित्त वर्ष 2014-15 में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मुनाफा 23,566 करोड़ रुपये रहा था, जो इंडियन ऑयल के मुकाबले अब तक किसी साल में सर्वाधिक 4.8 गुना रहा था। वित्त वर्ष 2014-15 में इंडियन ऑयल का मुनाफा 4,912 करोड़ रुपये रहा था।
कौन-कौन है फॉर्च्यून इंडिया-500 में
रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले और इंडियन ऑयल के दूसरे नंबर के बाद ओएनजीसी तीसरे, एसबीआई चौथे, टाटा मोटर्स पाँचवे और भारत पेट्रोलियम छठे नंबर पर है। यह चारों कंपनियाँ 2018 में भी इन्हीं स्थानों पर रही थीं। इसके अलावा आभूषण कंपनी राजेश एक्सपोर्ट्स 1 पायदान ऊपर चढ़ कर सातवें नंबर पर पहुँच गयी। इसके अलावा टाटा स्टील, कोल इंडिया, टाटा कंसल्टेंसी और लार्सन ऐंड टुब्रो क्रमश: आठवें, नौवें, दसवें और ग्यारहवें नंबर पर है। आईसीआईसीआई बैंक दो पायदान की तरक्की के बाद 12वें नंबर पर पहुँच गया। वहीं हिंडाल्को इंडस्ट्रीज का 13वां और एचडीएफसी बैंक का 14वां नंबर पर है।
फॉर्च्यून इंडिया-500 के मुनाफे में वृद्धि
कुल मिला कर फॉर्च्यून इंडिया-500 कंपनियों की 2019 में आमदनी देखें तो इसमें 9.53 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि मुनाफा 11.8 फीसदी बढ़ा है। साथ ही इस लिस्ट में से 57 कंपनियाँ बाहर हो गयी हैं, जिनमें सरकारी बैंकों, पीएसयू कंपनियों और निजी क्षेत्र में कंसोलिडेशन सहित अन्य कारण शामिल हैं। फॉर्च्यून इंडिया-500 में कंपनियों का घाटा भी कम हुआ है। 2018 में 79 कंपनियों को 2 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ था, जबकि इस साल 65 कंपनियों ने 1.67 लाख करोड़ रुपये के घाटे की सूचना दी।
यह भी पढ़ें - लगातार दूसरे दिन उछले सोने-चांदी के दाम, जानिये आज का रेट
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान