नयी दिल्ली। बहुत जल्द आपको भारत में भी उड़ने वाली कारें देखने को मिल सकती है। जी हां नीदरलैंड की कंपनी Pal-V बहुत जल्द ही भारत में उड़ने वाली कारों की टेस्टिंग शुरू कर सकती है। दुनिया की पहली कमर्शियल व्यक्तिगत हवाई भूमि वाहन के डेवलपमेंट में शामिल Pal-V देश में फ्लाइंग कार का परीक्षण शुरू करेगी। Pal-V के को-चेयरमैन Drs Janpieter Koning ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करके कंपनी के पास मौजूद टेक्नोलॉजी के बारे में जानकारी दी। इस बात का खुलासा खुद Janpieter Koning ने इकोनॉमिक टाइम्स ग्लोबल बिजनेस समिट में किया है।

अगले एक साल में बिक्री संभव

पाल-वी ने 2012 में फ्लाइंग कार का एक प्रोटोटाइप दिखाया था। इस समय ये अगले एक साल में वैश्विक स्तर पर अपना प्रोडक्ट लॉन्च करने पर काम कर रही है, जिसके बाद लोग व्यक्तिगत तौर पर उड़ने वाली कार खरीद सकेंगे। बता दें कि फ्लाइंग कार के लिए मौजूदा अंतरराष्ट्रीय वायु और भूमि नियम लागू होंगे। कंपनी वाहन खरीदने की खातिर प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए खरीदारों को प्रशिक्षित करेगी। ट्रेनिंग प्रोसेस में लगभग 35-40 घंटे लगेंगे।

पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन के लिए मुश्किल

गौरतलब है कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए फ्लाइंग कार का उपयोग फिलहाल चुनौतीपूर्ण रहेगा। इस बात का खुलासा Koning ने किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उपयुक्त नियमों और इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण की आवश्यकता होगी। इसके अलावा फ्लाइंग कार की बैटरी बहुत भारी होगी इसलिए दूसरे सॉल्यूशन की तरफ देखना होगा। मार्च 2018 में जेनेवा मोटर शो के दौरान पाल-वी ने उड़ने वाली कार का प्रोडक्शन मॉडल पेश किया था। पाल-वी ने जानकारी दी थी कि फुल चार्ज करने पर ये कार लगभग 500 किलोमीटर तक उड़ान भर सकेगी। इसमें शुरुआत में केवल दो लोगों के बैठने की जगह दी गयी थी। वहीं फ्लाइंग कार की भार कैपेसिटी करीब 910 किलोग्राम है।

गुजरात में प्रोडक्शन की शुरुआत संभव

पिछले साल खबर आयी थी कि भारत में सबसे पहले गुजरात में उड़ने वाली कारों का प्रोडक्शन शुरू किया जा सकता है। गुजरात सरकार ने पाल-वी को ऑफर दिया था। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने पाल-वी के सीईओ रॉबर्ट डिंजेमेंस को गुजरात में इन्वेस्टमेंट के लिए आमंत्रित किया था। पाल-वी का टार्गेट एशिया में बाजार बनाना है और इस लिहाज से भारत इसके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।


यह भी पढ़ें - गाड़ी खरीदने का है विचार तो जान लीजिए नये नियम, 1 अप्रैल से होंगे लागू

Advertisement