नयी दिल्ली। एफडी में निवेश करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। दरअसल अब आप पेटीएम पेमेंट्स बैंक से एफडी में निवेश पर एसबीआई जैसे बड़े बैंक के मुकाबले ज्यादा ब्याज हासिल कर सकेंगे। पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने अपने ग्राहकों को फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) सर्विस की सुविधा देने के लिए सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ पार्टनरशिप की है। इस पार्टनरशिप के तहत पेटीएम पेमेंट्स बैंक के ग्राहक सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक की एफडी में निवेश कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक एफडी पर देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई से भी ज्यादा ब्याज देता है।
पेटीएम पेमेंट्स बैंक पहले से ही इंडसइंड बैंक के साथ मिलकर एफडी सर्विस ऑफर कर रहा है, जहां आप 100 रु के न्यूनतम निवेश से शुरुआत कर सकते हैं। इस नई साझेदारी के साथ पेटीएम पेमेंट्स बैंक मल्टी-पार्टनर एफडी सेवा शुरू करने वाला देश का पहला पेमेंट बैंक बन गया है, जहां खाताधारक अपनी पसंद के अनुसार पार्टनर बैंक का चयन कर सकता है।
अब पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर एफडी में निवेश करने के लिए ग्राहकों के सामने 2 बैंक हैं। इससे फैसला लेने से पहले अन्य चीजों के अलावा न्यूनतम निवेश, ब्याज दर और अवधि जैसी चीजों की तुलना कर सकते हैं और अपनी सुविधा के हिसाब से बैंक चुन सकते हैं। बता दें कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक पार्टनर बैंकों में से किसी में भी की गई एफडी के लिक्विडेशन पर कोई शुल्क नहीं लेता है। देखा गया है कि कई खाताधारक 'ऑटो-क्रेडिट फिक्स्ड डिपॉजिट' सुविधा पसंद करते हैं, जिसमें उन्हें अपने बचत खाते पर एफडी लिमिट सेट करने की सुविधा मिलती है।
सामान्य नागरिकों को इस बैंक में 2 करोड़ रु से कम की एफडी पर सात से 14 दिनों तक की अवधि में 4 फीसदी ब्याज मिलेगा। 15 से 45 दिनों की एफडी पर भी 4 फीसदी ब्याज मिलेगा। इसी तरह 46 से 90 दिन पर 5 फीसदी, 91 दिन से 6 महीनों पर 5.50 फीसदी, 6 महीनों से 9 महीनों तक पर 6.25 फीसदी, 9 महीनों से एक साल पर 6.50 फीसदी, 1 से 2 साल पर 6.75 फीसदी, 2 से 3 साल पर 7.15 फीसदी, 3 से 5 साल पर 7.25 फीसदी, 5 साल की एफडी पर 7.50 फीसदी और 5 से 10 साल पर 7 फीसदी मिलेगा।
एसबीआई में सात से 45 दिनों तक की अवधि में 2.9 फीसदी ब्याज मिलेगा। 46 दिनों से 179 दिनों की एफडी पर 3.9 फीसदी ब्याज मिलेगा। इसी तरह 180 दिन से 1 साल से एक दिन कम तक पर 4.4 फीसदी, 1 वर्ष से 2 वर्ष तक के लिए एफडी कराने पर 5 फीसदी और 2 साल में 3 साल में मैच्योर होने वाली एफडी पर आपको 5.1 फीसदी ब्याज मिलेगा। 3 साल से 5 साल की एफडी पर 5.3 प्रतिशत और 5 साल से 10 साल में मैच्योर होने वाली एफडी पर आप 5.4 फीसदी ब्याज हासिल कर सकते हैं।
पीएनबी में सामान्य नागरिकों को 2 करोड़ रु से कम की राशि पर 7 से 45 दिन की एफडी पर 3 फीसदी, 46 से 90 दिन पर 3.25 फीसदी, 91 से 179 दिन पर 4 फीसदी, 180 से 270 दिन पर 4.4 फीसदी, 271 दिन से एक साल से कम पर 4.5 फीसदी, 1 साल से 3 साल पर 5.2 फीसदी, 3 साल से 5 साल पर 5.3 फीसदी और 5 से 10 साल तक की एफडी पर भी आपको 5.3 फीसदी ब्याज मिलेगा।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान