Eternal Hikes Platform Fee; Zomato Hikes Platform Fee : त्योहार का सीज़न शुरु हो चुका है और इस त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खाना मंगाकर खाना महंगा पड़ सकता है। दरअसल, ऑनलाइन फूड़ डिलिवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने ऑर्डर पर लगने वाला प्लेटफॉर्म शुल्क को बढ़ा दिया है। यदि आप भी ऑनलाइन फूड मंगाकर खाते हैं तो आपको अपनी जेब और अधिक ढ़ीली करनी पड़ सकती है।

Advertisement

इटर्नल के स्वामित्व वाले फ़ूड डिलीवरी प्लेटफ़ॉर्म ज़ोमैटो ने ऑर्डर पर लगने वाले प्लेटफ़ॉर्म शुल्क को 10 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये कर दिया है। यह बढ़ोतरी त्योहारी सीज़न में मांग में तेज़ी आने की उम्मीद के बीच की गई है।

Advertisement

स्विगी ने भी बढ़ाया था प्लेफॉर्म शुल्क

बता दें कि हाल ही में ज़ोमैटो के प्रतिद्वंद्वी स्विगी ने भी अपने फ़ूड डिलीवरी कारोबार के लिए प्लेटफ़ॉर्म शुल्क को 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये कर दिया था, जिसमें वस्तु एवं सेवा कर (GST) भी शामिल है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह बताया गया है कि स्विगी ने यह बढ़ोतरी ऑर्डर में भारी वृद्धि के चलते की है और मांग कम होने पर यह बढ़ोतरी वापस ले ली जाएगी।

Advertisement

स्विगी और ज़ोमैटो का वित्तीय प्रदर्शन

ज़ोमैटो और स्विगी ने अप्रैल-जून तिमाही के दौरान अपनी-अपनी क्विक कॉमर्स शाखाओं में निवेश जारी रखा है।
ज़ोमैटो की मूल कंपनी इटर्नल ने समीक्षाधीन तिमाही में कंसो शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर 90% की गिरावट दर्ज की, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही के 253 करोड़ रुपये की तुलना में 25 करोड़ रुपये रह गया, जबकि राजस्व में 70% की वृद्धि हुई।

Advertisement

वहीं, यदि स्विगी की बात करें तो इंस्टामार्ट परिचालन में बढ़ते निवेश के कारण कंपनी का घाटा इस अवधि में दोगुना होकर 1,197 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के लिए इसका परिचालन राजस्व 54% बढ़कर 4,961 करोड़ रुपये हो गया।

स्विगी और ज़ोमैटो को ओनली से मिलेगी टक्कर?

बता दें कि ऑनलाइन फूड डिलिवरी सर्विस में स्विगी और ज़ोमैटो को टक्कर देने के लिए 'ओनली' मार्केट में उतर चुका है। ओनली, राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म रैपिडो द्वारा शुरू की गई नई सेवा है। वर्तमान में, ओनली बेंगलुरु के कोरमंगला, एचएसआर और बीटीएम लेआउट क्षेत्रों के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। ज़ोमैटो और स्विगी के 16-30% कमीशन के मुकाबले ओनली अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स से केवल 8-15% के बीच कमीशन ले रहा है।