नयी दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो दिनों के भारत दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का पहला दिन है। पहले दिन वे अहमदाबाद पहुँचे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। सबसे पहले वे महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम गये और फिर एक रोड शो के बाद मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम पहुँचे, जहां "नमस्ते ट्रंप" नाम से कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में आये लोगों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के प्रतिनिधि कल यानी मंगलवार को भारत के साथ 3 अरब डॉलर के रक्षा सौदे करेंगे। इन सौदों के जरिये भारत को अमेरिका से स्टेट ऑफ आर्ट मिलिट्री हेलीकॉप्टर और कुछ अन्य रक्षा उपकरण मिलेंगे, जिनमें ड्रोन, हेलीकॉप्टर और मिसाइल सिस्टम शामिल हैं। अपने संबोधन में ट्रंप ने अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूती देने की बात कही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका भारत को सबसे बेहतर सैन्य उपकरण उपलब्ध करायेगा।

Advertisement

परिवार से साथ आये ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जैरेड कुश्नर के साथ आये हैं। अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद डोनाल्ड ट्रंप पहली बार भारत आये हैं। मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में कार्यक्रम में ट्रंप ने दोनों देशों के बीच स्पेस साइंस में सहयोग बढ़ाने की भी इच्छा जतायी। बिजनेस के सिलसिले में उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका एक शानदार व्यापार समझौते के शुरुआती चरण में हैं। ट्रंप अहमदाबाद के बाद आगरा चले गये, जहां वे परिवार समेत ताज महल देखेंगे।

Advertisement

ट्रंप को ट्रेड डील की उम्मीद
अपनी यात्रा शुरू होने से पहले ट्रंप ने दोनों देशों के बीच एक सार्थक ट्रेड डील होने की उम्मीद जतायी थी। ट्रंप ने कई बार भारत द्वारा उच्च टैरिफ लगाने की बात कही है। जानकार मानते हैं कि व्यापार के अलावा ट्रंप इस दौरे से भारतीय मूल के अमेरिकियों को रिझाना चाहते हैं। क्योंकि अमेरिका में इसी साल राष्ट्रपति चुनाव हैं। अमेरिका में भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में हैं।
यह भी पढ़ें - 2020 में आपकी सैलेरी कितनी बढ़ सकती है, यहां जानिये