Delhi Weather Today: दिल्ली में पिछले दो-तीन दिनों से मौसम बार-बार करवट ले रहा है। सुबह तेज़ धूप होती है, तो दोपहर या शाम को हल्की बारिश शुरू हो जाती है। इस बीच चल रही ठंडी हवाएं लोगों को थोड़ी राहत तो दे रही हैं, लेकिन उमस अब भी बनी हुई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य तापमान से थोड़ा कम है।

Advertisement

शुक्रवार को हो सकती है हल्की से मध्यम बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाएं भी तेज़ स्पीड से चलने की संभावना है। तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आने वाला है अधिकतम 34 और न्यूनतम 25 डिग्री के करीब रह सकता है।

Advertisement

अब तक हुई बहुत कम बारिश

दिल्ली में जुलाई के पहले 17 दिनों में औसतन 195 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार सिर्फ 115 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। यानी इस बार बारिश का आंकड़ा काफी पीछे है और अब महीने के बचे हुए दिनों में इसकी भरपाई होने की संभावना भी कम दिख रही है।

मॉनसून की रेखा दिल्ली से दूर, इसलिए घट रही बारिश

स्काईमेट वेदर के मुताबिक, इस समय मानसून की मुख्य ट्रफ रेखा दिल्ली से दक्षिण की ओर खिसक गई है। इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर में लगातार कम बारिश हो रही है। जब तक ये ट्रफ रेखा दिल्ली के करीब नहीं आती, तब तक भारी बारिश के आसार नहीं हैं।

Advertisement

वीकेंड और अगला हफ्ता भी सूखा रह सकता है

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 जुलाई से लेकर 23 जुलाई तक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश हल्की ही होगी। इसके बाद का हफ्ता भी ज्यादा बारिश नहीं लाएगा। यानी दिल्लीवालों को फिलहाल उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।