Delhi Weather Update: उमसभरी गर्मी के बाद राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में जलजमाव से लोग परेशान हैं. कल यानी 31 जुलाई की शाम से रात तक हुई जमकर बारिश से भारी जल जमाव देखने को मिल रहा. जोरदार बारिश से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम में कई इलाकों में जलजमाव हो गया. हालांकि, मौसम के यू टर्न से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है.

Advertisement

आज कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी 1 अगस्त को भी दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इसको देखते हुए दिल्ली सरकार ने 1 अगस्त को स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है. मौसम विभाग तेज बारिश की वजह से अगले 2 दिनों के लिए यलो अलर्ट (Yellow alerts ) जारी किया है.

Advertisement

IMD ने कहा कि गुरुवार और शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने दोनों ही दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.

IMD ने कहा कि राजधानी दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके तहत प्रदेश के चुनिंदा जिलों में बारिश की उम्मीद है. इन जिलों में कुरुक्षेत्र, करनाल, हिसार, हांसी, सिवानी, महम, तोशाम, भिवानी शामिल हैं.

Advertisement

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से तबाही

पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश से हाल बेहाल है. उत्तराखंड में बुधवार को सुबह से ही काले बादलों ने घेर रखा था फिर देर शाम देहरादून में जमकर बारिश हुई. लगभग 4 घंटों की जोरदार बारिश से पूरे शहर में पानी-पानी हो गया.

IMD ने बताया कि इस दौरान शहर में 90 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई. आज भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने कहा कि नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है.