Delhi-NCR Weather Forecast: उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा चुका है. मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इसके तहत दिल्ली में 11 जून के लिए ऑरेंज और 12 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि एनसीआर में 11 और 12 जून दोनों दिन हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

Advertisement

आने वाले दिनों में मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान तेज सतही हवाएं, धूल भरी आंधी और हीट वेव जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ सकता है. दिल्ली में 12 जून को भीषण गर्मी के साथ उमस भी बढ़ने की आशंका है. 13 जून से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही तापमान में गिरावट आने की संभावना है. 13 जून को गर्मी के साथ नमी, तेज हवाएं और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है. इससे उमस और बेचैनी बढ़ सकती है. 14 जून से राहत की उम्मीद है. क्योंकि 14 और 15 जून को आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है.

Advertisement

हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामलों में उछाल

मौजूदा समय में गर्मी के हालातों के बीच दिल्ली और एनसीआर के अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और चक्कर आने की शिकायतों वाले मरीजों की संख्या में 90 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखी गई है. बच्चों और युवाओं की संख्या अस्पतालों में ज्यादा है.

डॉक्टरों ने लोगों को दिन में बाहर निकलने से बचने, पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन बढ़ाने और धूप में सीधे संपर्क से बचने की सलाह दी है. भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, हल्के सूती कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें.

Advertisement

10 जून को देश के सबसे गर्म शहर

10 जून को देश के सबसे गर्म शहरों में पंजाब का भटिंडा और राजस्थान का श्रीगंगानगर शामिल रहे. भटिंडा में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अतिरिक्त, राजस्थान के कोटा, हरियाणा के सिरसा और रोहतक, और मध्य प्रदेश के नौगांव में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा. उत्तर प्रदेश के झांसी में भी 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मध्य प्रदेश के गुना, नर्मदापुरम, सागर, टीकमगढ़, उत्तर प्रदेश के उरई और आगरा, राजस्थान के चुरू, चित्तौड़गढ़ और बीकानेर, हरियाणा के नारनौल, आयानगर और रिज में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया.