नई दिल्ली, 26 मार्च। जैसी कि संभावना जताई जा रही थी कि जल्द ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ेंगे तो अनुमान ही साबित हो रहा है। 5 दिनों में आज चौथी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। इतना ही नहीं इस बीच दिल्ली-एनसीआर में पीएनजी की आपूर्ति करने वाली कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में पीएनजी का रेट बढ़ाया। साथ ही दिल्ली में सीएनजी का दाम भी 50 पैसे बढ़ाया गया है। मगर अब एक राज्य में सीएनजी सस्ती होने जा रही है। आगे जानिए सीएनजी के दाम कहां घटने जा रहे हैं।
महाराष्ट्र में संपीडित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) सस्ती हो जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य सरकार ने शनिवार को सीएनजी पर मूल्य वर्धित कर (वैट) को 1 अप्रैल से 13.5 प्रतिशत से घटा कर 3 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। राज्य के आम आदमी के लिए यह एक राहत भरी खबर है। ये फैसला उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री अजीत पवार ने लिया है।
सीएनजी दरों में भारी कमी से राज्य में टैक्सियों और ऑटो-रिक्शा में यात्रा करने वाले आम आदमी को फायदा होगा जिनमें सीएनजी को ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। सीएनजी की कीमतों को कम करने के लिए सरकार का जोर पर्यावरण के अनुकूल परिवहन के अधिक से अधिक उपयोग को बढ़ावा देने की ओर भी है। सीएनजी को डीजल और पेट्रोल की तुलना में अधिक पर्यावरण के अनुकूल माना जाता है।
दो सप्ताह के बजट सत्र के दौरान पवार ने घोषणा की थी कि सरकार सीएनजी की कीमतों को कम करने के उपाय शुरू करेगी। इसी के अनुसार शुक्रवार को बजट सत्र के अंतिम दिन मंत्री ने वित्त विभाग को प्रक्रिया शुरू करने और उस आशय की अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया।
पवार ने कहा है कि राज्य सरकार ने हमेशा आम आदमी को राहत देने की दिशा में प्रयास किया है। सीएनजी में वैट में कमी इसी दिशा में एक कदम है। इससे उन लाखों-लाखों लोगों को मदद मिलेगी जो रोजाना आने-जाने के लिए ऑटो-रिक्शा और टैक्सियों पर निर्भर हैं। पवार ने कहा कि नई दरें एक अप्रैल 2022 से प्रभावी होंगी। प्राकृतिक गैस 'पर्यावरण के अनुकूल' है और इसका उपयोग बड़े पैमाने पर घरेलू पाइप गैस आपूर्ति के लिए और सीएनजी से चलने वाले मोटर वाहनों, ऑटो-रिक्शा, टैक्सियों और निजी वाहनों के लिए भी किया जाता है।
इस बीच आज फिर से पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। आज दिल्ली में पेट्रोल का रेट 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ कर 98.61 रुपये प्रति लीटर हो गया। वहीं डीजल का रेट 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ कर 89.87 रुपये प्रति लीटर हो गया। कोलकाता में अब 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 108.01 रुपये और 1 लीटर डीजल 93.01 रुपये प्रति लीटर पर है। मुम्बई में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 113.35 रुपये और 1 लीटर डीजल 97.55 रुपये प्रति लीटर पर है। चेन्नई में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 104.43 रुपये और 1 लीटर डीजल 94.47 रुपये प्रति लीटर पर है।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान